Breaking News

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज से वोट चोरी के प्रयासों की शिकायत, साक्ष्य भी सौंपे

द सीजी न्यूज

राजनांदगांव। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ सौजन्य भेंट की और संगठन कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिला महामंत्री राहुल तिवारी और पंकज बाँधव, प्रवक्ता अनीस खान उपस्थित रहे। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपनी नियुक्ति पर प्रदेश अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पार्टी के प्रति निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करने और संगठन के निर्देशों का पालन करने का संकल्प व्यक्त किया।
भेंट के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन को और अधिक सशक्त करने, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में सक्रिय भूमिका निभाने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कांग्रेस ध्यक्ष विपिन यादव ने खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा समर्थित व्यक्तियों द्वारा फॉर्म-7 के माध्यम से कांग्रेस समर्थित मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से विलोपित करने के प्रयास का साक्ष्य सहित खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस गंभीर मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा गया और दोषियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई है। पूरे प्रकरण से संबंधित साक्ष्यात्मक तथ्यों के आधार पर तैयार किए गए समस्त दस्तावेज प्रदेश अध्यक्ष को सौंपे।
विपिन यादव ने प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि छुरिया क्षेत्र में इस प्रकार के नाम विलोपन की जानकारी सर्वप्रथम पूर्व विधायक छन्नी साहू द्वारा संज्ञान में लाई गई थी। इसके बाद पूर्व विधायक छन्नी साहू, वर्तमान विधायक भोला राम साहू, ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेन्द्र साहू और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सामूहिक प्रयास करते हुए साक्ष्य आधारित जानकारी एकत्र की। इसके परिणामस्वरूप भाजपा के इस षड्यंत्र का भंडाफोड़ संभव हो सका।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस पूरे प्रकरण में जिलाध्यक्ष विपिन यादव, वर्तमान व पूर्व विधायकों सहित जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से कांग्रेस समर्थित नागरिकों के नाम विलोपित करना लोकतंत्र पर सीधा हमला है। इस गंभीर विषय को निर्वाचन आयोग तक ले जाया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष को निर्देशित किया कि जिले के सभी ब्लॉकों से इस प्रकार के आवेदनों की जानकारी तत्काल एकत्र कर संगठन को अवगत कराया जाए, ताकि लोकतंत्र की रक्षा हेतु समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। यह जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान ने दी।

Check Also

गोडसे के चेले देशभक्तों पर आरोप लगा रहे, वोट चोरी के विरोध में जनसैलाब को नहीं रोक पाएगी कोई भी तानाशाह ताकत : ठाकुर

एआईसीसी आब्जर्वर राजेश ठाकुर बोले – चोरों के सरदार की भाषा बता रही है कि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!