द सीजी न्यूज
पाटन। जिले के 15 रिटायर्ड कर्मचारियों ने खुद को मृत बताकर डेथ पॉलिसी के पैसे निकलवा लिये हैं। इनमें सभी अलग-अलग कंपनी में कार्यरत थे। इन कर्मचारियों ने अपनी नेशनल पेंशन स्कीम का पैसा निकलवाने के लिये ऑनलाइन सर्विस सेंटर के संचालक से संपर्क किया। मामला पाटन थाना क्षेत्र का है।
संचालक ने उन्हें 5 प्रतिशत कमीशन देने की बात कही थी। डील के बाद उसने फेक डेथ सर्टिफिकेट बनाकर 1 करोड़ 19 लाख रुपए बैंक से अवैध तरीके से निकाल लिए। अवैध रूप से पैसे निकालने वाले संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस काम में एचडीएफसी लाइफ कंपनी का पूर्व कर्मचारी भी शामिल था, जिसने पैसे एप्रूव कराए थे। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की।
घोटाले का खुलासा तब हुआ जब बीएसपी के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम पर मृत्यु दावा किया गया, जबकि वह जीवित निकला। इसके बाद एचडीएफसी लाइफ कंपनी लिमिटेड, बोकारो (झारखंड) के मैनेजर को संदेह हुआ और पुलिस में शिकायत की गई।
शिकायत में बताया गया कि एनपीएस योजना में फर्जी मृत्यु दावा लगाकर बड़ी रकम गलत तरीके से निकाली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे 15 खाताधारकों को मृत बताकर करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपए की अवैध निकासी कर ली।
ऑनलाइन सेवा केंद्र के संचालक मास्टरमाइंड राजेश कनोजिया (44) ने लोगों के दस्तावेज लेकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य केवाईसी दस्तावेज तैयार किए थे। इसके बाद इन दस्तावेजों के आधार पर बीमा दावा किया गया और पैसा निकाल लिया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि घोटाले में एचडीएफसी लाइफ कंपनी का पूर्व कर्मचारी राजेश कुमार ठाकुर भी इसमें शामिल था। उसने अपने पद का गलत फायदा उठाकर फर्जी दस्तावेज अपलोड किए और सत्यापन प्रक्रिया को नजरअंदाज कर दावे पास कराए।
एनपीएस योजना में खाताधारक के जीवित रहने पर अधिकतम 60 प्रतिशत राशि निकाली जा सकती है। बाकी 40 प्रतिशत पेंशन के रूप में मिलती है। खाताधारक की मौत के बाद पूरी राशि नॉमिनी को मिलती है। आरोपियों ने जीवित लोगों को मृत बताकर 100 प्रतिशत राशि निकाल ली।
दुर्ग ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच में पता चला कि कई फर्जी दावों में एक जैसे पते, अमान्य क्यूआर कोड वाले प्रमाण पत्र और संदिग्ध बैंक खातों के जरिए लेन-देन किया गया था। पुलिस ने आरोपी राजेश कनोजिया के पास से 10 हजार रुपए कैश और कई डिजिटल सबूत भी जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। दूसरा आरोपी राजेश कुमार ठाकुर फरार है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal