- भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों के टूर प्रोग्राम से राजनीतिक अटकलों का दौर शुरू
- नेता प्रतिपक्ष समेत कांग्रेस पार्षदों के टूर पर रवाना होने से बढ़ी हलचल
द सीजी न्यूज
दुर्ग। नगर निगम की राजनीति में पॉवर पॉलिटिक्स का नया चैप्टर शुरू हो गया है। निगम सभापति श्याम शर्मा दुर्ग शहर के नए पॉवर सेंटर बन गए हैं। बजट सभा के दौरान पॉवर सेंटर समर्थक पार्षदों ने कई मुद्दों पर कमिश्नर से सवाल करते हुए हंगामा किया था। सवाल भले ही निगम कमिश्नर से पूछा गया, लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से निशाने पर “कोई और” था। केरल टूर के जरिये नगर निगम के उसी “कोई और” को बजट सभा के बाद अब दूसरी बार ताकत दिखाई जा रही है।
मंगलवार को दुर्ग के 38 पार्षद केरल रवाना हुए। बताया जा रहा है कि इस पूरे टूर प्रोग्राम के सूत्रधार निगम सभापति श्याम शर्मा हैं। उन्होंने सबका साथ सबका विकास की भावना के तहत नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले सहित भाजपा-कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों के साथ टूर का प्रोग्राम बनाया। खास बात ये रही कि प्रोग्राम की प्लानिंग से विरोधी गुट को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। एक एमआईसी मेंबर ने नाम न छापने की शर्त पर स्वीकार किया कि उनसे केरल जाने के लिये एक बार भी नहीं कहा गया। टूर प्रोग्राम से संबंधित कोई जानकारी नहीं दी गई।
केरल रवाना होने वाले पार्षदों में निगम सभापति श्याम शर्मा और नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले के अलावा पार्षद शशि साहू, मनीष कोठारी, लीलाधर पाल, गुलाब वर्मा, नरेंद्र बंजारे, कांशीराम कोसरे, खालिक रिजवी, मनीष साहू, सविता साहू, अजीत वैद्य, ललित ढीमर, नीरा खिचरिया, अश्विनी निषाद, लोकेश्वरी ठाकुर शामिल हैं। केरल टूर के लिये रवाना होने वाले पार्षदों के दल में करीब 26 भाजपा पार्षद, 8 कांग्रेस पार्षद, 4 निर्दलीय पार्षद शामिल हैं।
निगम सभापति श्याम शर्मा का कहना है कि पार्षदों ने आपसी सहमति से केरल टूर का प्रोग्राम बनाया है। मानसून के आगमन पर केरल के प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने के लिये पार्षदों ने 10 दिनों का टूर प्रोग्राम बनाया है। 3 जुलाई को सभी पार्षद वापस दुर्ग पहुंचेंगे। इसमें किसी भी तरह की राजनीतिक अटकलें लगाना उचित नहीं है।
अटकलों का दौर शुरू
कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय पार्षदों के संयुक्त टूर प्रोग्राम से अटकलों का दौर तेज हो गया है। निगम की राजनीति से जुड़े एक जनप्रतिनिधि का कहना है कि निगम सभापति श्याम शर्मा सहित 38 पार्षदों के टूर प्रोग्राम से कड़ा राजनीतिक संदेश दिया गया है। दिलचस्प बात ये है कि केरल टूर पर जाने वाले लोगों में वही पार्षद शामिल हैं जिन्होंने बजट सभा में हंगामा किया था। बजट सभा के दौरान भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों ने मिलकर विरोधी गुट पर निशाना साधा था। दरअसल, नगर निगम में भाजपा की सत्ता है। बहुमत के बावजूद यहां भाजपा के दो गुटों के बीच खींचतान मची है। निगम में टेंडर की सेटिंग और बंटवारे में बिहारी बाबू की दखल से भी सर्वदलीय पार्षद नाराज बताए जा रहे हैं। इस मामले को लेकर संगठन स्तर पर भी कड़ी प्रतिक्रिया देखी जा रही है। यही वजह है कि पूर्व में कई बार इशारों इशारों में तंज कसने के बाद अब खुले तौर पर राजनीतिक शक्तिप्रदर्शन शुरू गया है। केरल टूर प्रोग्राम को दोनों गुटों की राजनीतिक प्रतिद्वंदिता का ही नतीजा माना जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
