- सत्ता में रहते 5 साल क्या किया? अब BSP घेराव कर जनता को गुमराह करने का प्रयास क्यों?
THE CG NEWS
भिलाई। भिलाई टाउनशिप के लीजधारियों और लाइसेंसधारियों के अधिकारों और भविष्य को लेकर कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर भिलाई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने कड़ा विरोध जताते हुए इसे राजनीतिक दिखावा करार दिया है। सिन्हा ने कहा कि दुर्ग सांसद विजय बघेल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय पहले ही सार्वजनिक रूप से भिलाई टाउन के लीजधारियों और लाइसेंसधारियों को आश्वस्त कर चुके हैं। सांसद विजय बघेल ने मीडिया संवाद के माध्यम से अपनी स्पष्ट भूमिका जनता के सामने रखी है।ऐसे में विधायक देवेंद्र यादव द्वारा अचानक BSP प्रबंधन का घेराव कर “भिलाई की बसाहट को खत्म नहीं होने देंगे” जैसे बयान देना केवल राजनीतिक भ्रम पैदा करने का प्रयास है।
देवेंद्र यादव से भाजपा के 5 सीधे सवाल
1. आप लगातार दो बार भिलाई नगर के विधायक रहे हैं। आपके पिछले कार्यकाल के 5 वर्षों में भिलाई टाउन के लीजधारियों और लाइसेंसधारियों के लिए आपने कौन-सा ठोस निर्णय कराया ?
2. जब प्रदेश में आपकी कांग्रेस सरकार थी, तब BSP प्रबंधन के साथ आपने कितनी संयुक्त बैठकें कीं और उसका परिणाम क्या रहा?
3. कांग्रेस की महापौर परिषद के 15 वर्षों के कार्यकाल में इस विषय को लेकर कितनी बार महापौर परिषद में प्रस्ताव लाया गया?
4. भिलाई नगर निगम की सामान्य सभा में इस विषय पर कांग्रेस ने कौन-सा ठोस प्रस्ताव पारित कराया?
5. तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार के समय आपने विधानसभा में भिलाई टाउन की समस्या को उठाकर भारत सरकार को कोई ठोस प्रस्ताव क्यों नहीं भेजा?
नेता प्रतिपक्ष सिन्हा का कांग्रेस से सीधा सवाल
सिन्हा ने कांग्रेस को घेरते हुए सवाल किया कि “ जब सत्ता आपके पास थी, सरकार आपके साथ थी और विधानसभा में बहुमत आपके पास था, तब भिलाई टाउन की बसाहट के लिए आपकी सरकार ने क्या किया? आज सत्ता से बाहर होने के बाद BSP का घेराव कर किसे जवाब दे रहे हैं ? भिलाई की जनता को या अपनी राजनीतिक विफलता को?” सिन्हा ने आगे कहा कि भिलाई की जनता अब केवल भाषण और भावनात्मक बयान नहीं सुनना चाहती। जनता जानना चाहती है कि किसने कब और क्या प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस विषय को राजनीतिक स्टंट नहीं बल्कि भिलाई के हजारों परिवारों के भविष्य का विषय मानती है। दुर्ग सांसद विजय बघेल लगातार इस विषय को गंभीरता से उठा रहे हैं और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय स्वयं BSP से जुड़े रहे हैं, इसलिए इस समस्या की जमीनी वास्तविकता से भली-भांति परिचित हैं।
“मेरी लाश निकल जाएगी…” जैसे बयान समाधान नहीं
भोजराज सिन्हा ने कहा कि विधायक देवेंद्र यादव द्वारा “मेरी लाश निकल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं होने दूंगा” जैसे भावनात्मक बयान देना किसी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता। भिलाई की जनता को भावनात्मक राजनीति नहीं बल्कि संवाद, प्रस्ताव, कानूनी प्रक्रिया और स्थायी समाधान चाहिए। उन्होंने कहा “ भिलाई की बसाहट को बचाने की चिंता भाजपा को है। यदि कांग्रेस वास्तव में इसे बचाना चाहती है तो पहले अपने 15 वर्षों के नगर निगम शासन और 5 वर्षों की प्रदेश सरकार का हिसाब जनता के सामने रखे।”
भाजपा की स्पष्ट मांग
भोजराज सिन्हा ने कहा कि भाजपा भिलाई टाउन के लीजधारियों एवं लाइसेंसधारियों के हितों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक और संवैधानिक मंच पर अपनी आवाज बुलंद करेगी। इस विषय पर BSP प्रबंधन, केंद्र सरकार और संबंधित सभी पक्षों के बीच सार्थक संवाद और स्थायी समाधान की दिशा में पहल होनी चाहिए। सिन्हा ने साफ कहा कि भिलाई की जनता को डराने की राजनीति नहीं, अधिकार और समाधान की राजनीति चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
