Breaking News

प्रेत-बाधा का भय दिखाकर महिला से 85 लाख की ठगी

द सीजी न्यूज

भिलाई। घरेलू परेशानियां दूर करने, तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ कराने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को जिन्न और प्रेत बाधा का डर दिखाया। निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का वादा किया। गुप्त पूजा करने सहित पति के एक्सीडेंट की भविष्यवाणी कर डराया और हर तकलीफ से छुटकारा दिलाने के नाम पर ठगी कर ली।
भिलाई निवासी संगीता कश्यप ने कोतवाली थाना भिलाई में शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला ने बताया कि पूजा पाठ और तंत्र मंत्र के बावजूद पति की सड़क हादसे में मौत होने पर उसने रकम वापस मांगी। आरोपी ने अपने हाथ की नस काटकर व्हाट्सएप पर फोटो भेज दी और खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच में गिरफ्तार बताते हुए और रकम ऐंठ ली।
संगीता कश्यप ने शिकायत में बताया कि नवंबर 2023 में एक पारिवारिक कार्यक्रम में रायपुर में रिश्तेदारों और परिचितों के साथ उनकी मुलाकात पवन बधौलिया से हुई। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी घरेलू परेशानियों का जिक्र किया। पवन ने कहा कि उसकी पहुंच ऐसे लोगों तक है जो विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए सारी समस्याएं दूर कर सकते हैं।
इसके बाद आरोपी लगातार उसे फोन कर ग्रह दोष, प्रेत बाधा और जिन्न का डर दिखाने लगा। वह बार-बार कहता था कि जबलपुर में गुप्त पूजा कराई जा रही है। पूजा और 43 दिन तक दीपक जलाने के नाम पर लगातार पैसे मांगता रहा। जब महिला और उसके बेटे ने पैसों का हिसाब मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। जब महिला ने निवेश की रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पैसा लौटाने के बजाय सरकारी नौकरी लगवाने का लालच दिया। उसने फर्जी नियुक्ति पत्र, जॉइनिंग लेटर और अधिकारियों से सिफारिश कराने जैसे झांसे देकर लाखों रुपए और ले लिए। नौकरी के नाम पर महिला को भोपाल भी बुलाया गया, जहां उसने 4 लाख रुपए कैश दिए। महिला की शिकायत पर पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।

Check Also

नगर निगम के नए शक्ति केंद्र बने सभापति, केरलम टूर से दिखाई ताकत

भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों के टूर प्रोग्राम से राजनीतिक अटकलों का दौर शुरू नेता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!