- महापौर अलका बाघमार ने दीपक नगर में नाली-पुलिया निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कमी होने पर जताई नाराजगी
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ महापौर अलका बाघमार ने आज लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर के साथ वार्ड क्रमांक 23 दीपक नगर का औचक निरीक्षण किया। महापौर ने नाली व पुलिया निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की वास्तविक स्थिति देखने के साथ ही उपयोग की जा रही सामग्री व कार्य की गुणवत्ता को बारीकी से परखा। निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही पकड़ी।
जहां 4 एमएम की सरिया लगनी थी, वहां 8 एमएम और जहां 8 एमएम की सरिया निर्धारित थी, वहां 4 एमएम की सरिया लगाई जा रही थी। महापौर ने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को सख्त हिदायत दी। ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये। महापौर ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण सामग्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मौके पर नाली व पुलिया निर्माण को तोड़ने के निर्देश दिये। जांच के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर महापौर ने नाराजगी जाहिर की। महापौर अलका बाघमार ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।”
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
