
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई नगर/ शासन की महत्वकांक्षी योजना पौनी पसारी की शुरुआत भिलाई नगर निगम क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र से हो चुकी है। यहां अलॉटमेंट के आधार पर व्यवसाय भी किया जा रहा है। पौनी पसारी के लिए दूसरे स्थल वार्ड क्रमांक 1 खमरिया में 25 लाख रुपए की लागत से पौनी पसारी योजना के तहत चबूतरा निर्माण, शेड निर्माण, वाहन पार्किंग, साइकिल स्टैंड, पेवर ब्लॉक और शौचालय निर्माण जैसे कार्य होना है।
आज जन निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे खमरिया पहुंचे तब उन्हें पौनी पसारी योजना का कार्य करते कोई भी नजर नहीं आया। न ही एजेंसी दिखी, न ड्राइंग डिजाइन के अनुरूप काम होते पाया गया। आसपास चारों ओर गंदगी फैली हुई थी। निगमायुक्त ने इस पर नाराजगी जाहिर की और पौनी पसारी योजना के तहत निर्माण का कार्य देख रहे उप अभियंता अरविंद शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
छत्तीसगढ़ी परंपरागत व्यवसाय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौनी पसारी योजना के तहत सिलाई, बुनाई, चटाई, बांस के उत्पाद, दोना-पत्तल, मिट्टी के बर्तन, मूर्तियां बनाने का कार्य, फूलों का व्यवसाय, पूजन सामग्री, सुपा, सजावटी सामान जैसे अन्य व्यवसाय करने वाले व्यक्तियों, कारीगरों और स्व सहायता समूह की महिलाओं को कौशल उन्नयन हेतु एक बेहतर अवसर देने पौनी पसारी योजना के तहत एक बेहतर प्लेटफार्म तैयार किया जा रहा है।
निगम कमिश्नर ने कहा कि शासन की योजनाओं में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। ताकि, इसका अधिक से अधिक लाभ लोगों को मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, जोन आयुक्त मनीष गायकवाड, स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा, कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा, सहायक अभियंता सुनील दुबे सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौके पर मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal