रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मोदी सरकार के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की साय सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सत्ता केे अहंकार के कारण पूरे देश में दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। पूरे देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। देश की सारी संपत्ति कुछ उद्योगपतियों को सौंपी जा रही है।
भूपेश ने कहा कि किसानों को उपज का दाम नहीं मिल रहा है। सरकार लगातार षड्यंत्र कर रही है कि धान खरीदी ना करना पड़े। इन सारे षडयंत्रों से लड़ाई लड़ने के लियेे हम सबको एकजुट होना होगा। जिस प्रकार से कृष्ण भगवान ने चीनी उंगली में गोवर्धन पर्वत को उठा लिया था, उसी तरह आज हम सबको मिलकर संविधान की रक्षा करनी है। प्रजातंत्र की रक्षा करनी है। 140 करोड़ जनता के हितों की रक्षा करनी है। एकजुटता का संदेश गोवर्धन पूजा में है।
बांटने और काटने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि “वो काटते रहेंगे, लेकिन जिसको जोड़ने की आदत है, वह हमेशा जोड़ने का काम करेंगे। आज बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, प्रदीप मिश्रा आकर बांटने का काम करते हैं। कभी जाति को बांटने का काम किया। उसके बाद धर्म से बांटने का काम किया। फिर हिंदू- मुसलमान किया। अब भगवान को बांटने में लग गए हैं।
भूपेश बघेल ने कहा कि ये लोग कहते हैं कि हमारे वाले का ये है और सामने वाले का वो है। आजकल किसी की जुबान पर संतुलन नहीं रह गया है। जब आपकी जुबान पर संतुलन नहीं है, तो आप किस बात के साधु और संत हैं। जब आपको अपनी जुबान पर ही कंट्रोल नहीं है तो आपको व्यास गद्दी में बैठने का अधिकार ही नहीं है।
परिवारजनों के साथ गोवर्धन पूजा की
इससे पहलेे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज रायपुर के सिविल लाइन स्थित निवास में गायों की पूजा की। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ उनके परिवार के सदस्य व पार्टी कार्यकर्ता भी गोवर्धन पूजा में शामिल हुए। लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि लक्ष्मी पूजा के समय जितनी भी धन दौलत है, उसकी हम लोग पूजा करते हैं। ताकि गृहस्थ अच्छा से चल सके। गोवर्धन पूजा से हमें एकजुट रहने का संदेश मिलता है। बड़ी मुसीबत सामने आने पर एकजुट होकर डटकर मुकाबला करना चाहिये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
