Breaking News

वार्ड 21 में सीवरेज की समस्या दूर करने और सड़क निर्माण पर खर्च होंगे 62 लाख : वोरा ने अफसरों को फौरन जनसमस्याओं का निराकरण करने दिये निर्देश

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

नगर निगम, दुर्ग को हस्तांतरित हो चुकी आदित्य नगर कॉलोनी में लगातार सीवरेज और गंदे पानी की निकासी की समस्या के साथ खस्ताहाल सड़कों की समस्या से अब नागरिकों को राहत मिलेगी। वार्ड 21 आदित्य नगर में 48 लाख की लागत से सीवरेज लाइन में सुधार किया जाएगा।  14 लाख रुपए की लागत से सीमेंट सड़कों का निर्माण किया जाएगा। हर्षा गार्डन का संधारण कार्य भी किया जाएगा। कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कहा है कि इन सभी कार्यों से वार्ड के नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्या दूर हो जाएगी।

कांग्रेस विधायक व राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा लगातार शहर के वार्डों का दौरा कर रहे हैं और नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के निराकरण में पूरी सक्रियता से जुटे हुए हैं। वार्ड क्रमांक 21 में पार्षद व नागरिकों ने समस्याएं बताते हुए कहा कि नालियों और सीवरेज की सही ढंग से साफ सफाई न होने के कारण हर साल बरसात में सड़कों में जलभराव की स्थिति रहती है, जिससे सड़कें जल्दी खराब हो जाती हैं और जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कच्ची और जर्जर सड़कों पर चलना दूभर है। वार्ड में उद्यान का रखरखाव नहीं किया जा रहा है।

विधायक वोरा ने निगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि शासन से पर्याप्त राशि आने के बाद भी आम जनता की मूलभूत सुविधाओं में कमी की शिकायतें क्यों मिल रही हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में सवाल किया कि जल संवर्धन के लिए तालाबों के सौंदर्यीकरण और  संरक्षण के लिए स्वीकृत 8 करोड़, युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए स्वीकृत 5 करोड़ के 2 ओपन स्टेडियम और मिनी स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स व 5 करोड़ की लागत से स्वीकृत अंतराष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंग पुल की सैद्धांतिक सहमति होने के बाद भी प्रस्ताव भेजने में देरी का कारण क्या है।

वोरा ने पखवाड़े भर के भीतर शहर में संधारण कार्य, अधोसंरचना मद और राज्य व केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के कार्यों को शुरू करने के निर्देश दिए। इस दौरान वार्ड पार्षद अमित देवांगन, जयश्री जोशी, जमुना साहू, हरीश साहू, महीप सिंह भुवाल, पप्पू श्रीवास्तव, राकेश साहू, आयुष शर्मा, विनीश साहू मौजूद थे।

Check Also

प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का पावन पर्व है गोवर्धन पूजा : मुख्यमंत्री साय

हमारी संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान, कृषि और ग्रामीण जीवन की समृद्धि से जुड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!