Breaking News

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लखनऊ हवाई अड्डे पर लैंडिंग की नहीं मिली अनुमति, यूपी सरकार ने जारी किया फरमान : प्रियंका सहित कई नेता हिरासत में

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या का मामला आग की तरह फैल चुका है। उत्तर प्रदेश के साथ ही यह आग दूसरे प्रदेशों तक भी पहुंच गई है। सोमवार को लखीमपुर खीरी पहुंच रहे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा को उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों से मिलने से रोक दिया। दोनों के विमानों को लखनऊ में उतरने ही नहीं दिया गया। गौरतलब है कि लखीमपुर में हुई हिंसा के बाद दोनों ने सोमवार को लखीमपुर खीरी पहुंचने की घोषणा की थी, जिसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार सतर्क हो गई है।

सरकार ने कहा कि कानून व्यवस्था को खतरा
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल व पंजाब के डिप्टी सीएम रंधावा को लखनऊ में उतरने की इजाजत नहीं दी गई। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि उनके लखीरमपुर जाने से कानून व्यवस्था को खतरा पैदा हो सकता है। प्रदेश सरकार ने लखनऊ एयरपोर्ट अथॉरिटी से कहा है कि दोनों के विमानों को उतरने की इजाजत न दी जाए।

कई नेता हैं हिरासत में 
किसानों की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में जबर्दस्त उबाल आ गया है। कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है। प्रियंका गांधी को सीतापुर के पास हिरासत में लिया गया है तो अखिलेश यादव घर के बाहर ही धरने पर बैठ गए हैं। चंद्रशेखर रावण, आप सांसद संजय सिंह, शिवपाल सिंह जैसे कई नेता हिरासत में हैं।

कल रविवार को उत्तर प्रदेश के लखीमपुरी खीरी जिले में प्रदर्शनकारी किसानों पर जीप चढ़ाकर हत्या की घटना से छत्तीसगढ़ में भी गुस्सा भड़क गया है। सरकार के मंत्रियों और विधायकों ने इस घटना की निंदा की है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार सुबह लखीमपुर खीरी के तिकुनिया के लिए रवाना होने वाले थे, इससे पहले ही उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें रोकने का आदेश जारी कर दिया।

भूपेश ने तीखे लहजे में कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार मुझे राज्य में न आने देने का फरमान जारी कर रही है। क्या उत्तर प्रदेश में नागरिक अधिकार स्थगित कर दिए गए हैं। अगर धारा-144 लखीमपुर खीरी में लगी है तो लखनऊ में उतरने से क्यों रोक रही है तानाशाह सरकार?

मुख्यमंत्री बोले, उत्तर प्रदेश जाने के लिए क्या अलग से वीजा लगेगा?

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विपक्ष को उत्तर प्रदेश जाने से रोकने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि धारा 144 लखीमपुर में लगी है तो हमें लखनऊ में भी उतरने क्यों नहीं दिया जा रहा है। क्या, उत्तर प्रदेश में नागरिक अधिकार खत्म कर दिए गए हैं। क्या उत्तर प्रदेश जाने के लिए अलग से वीजा लेना पड़ेगा। उन्होंने कहा, इस घटना के बाद क्या लोग संवेदना व्यक्त करने नहीं जा सकते। घटना की जानकारी लेने नहीं जा सकते। उन्होंने पूछा कि यूपी सरकार की मानसिकता क्या है।

कहा – भाजपा का चरित्र अब सामने आ रहा है

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, भाजपा का चरित्र अब लोगों के सामने आ रहा है। जिस कानून व्यवस्था की बात को लेकर भाजपा यूपी की सत्ता में आई थी, उसकी सरेआम धज्जियां उड़ रही हैं। योगी आदित्यनाथ के कंट्रोल में कुछ नहीं रहा। पूरा देश देख रहा है कि उनके लोग ही किस प्रकार से यह सब कर रहे हैं। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर ख्रट्‌टर के रविवार को दिये गए बयान का हवाला देते हुए कहा भाजपा के चेहरे से नकाब उतर गया है। उनका असली चेहरा यह है कि लाठियां भांजों, गोलियां दागो, गाड़ियों से रौंद दो, आग लगा दो, खत्म कर दो। सही मायने में भाजपा का चरित्र देश के सामने अब आया है।

प्रियंका गांधी रात में ही लखनऊ पहुंच गईं

रविवार की देर शाम तक तय हो गया कि यूपी से जुड़े कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता लखीमपुर खीरी पहुंचेंगे। प्रियंका गांधी रात में लखनऊ पहुंच गईं। सूत्रों के अनुसार प्रियंका गांधी और कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी के साथ लखीमपुर जाकर किसानों से मिलने की योजना बनाई। रात 10 बजे उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, उत्तर प्रदेश में किसानों के साथ जो वहशी व्यवहार हुआ वह अक्षम्य है। किसान हूं। किसान का दर्द समझता हूं। इन कठिन परिस्थितियों में उनके साथ खड़े होने के लिए कल सुबह लखीमपुर जाउंगा। करीब एक घंटे बाद मुख्यमंत्री सचिवालय ने उनकी यात्रा का विवरण जारी किया।

शनिवार को ही उन्हें उत्तर प्रदेश चुनाव की जिम्मेदारी मिली है

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को दो दिन पहले ही उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सीनियर ऑब्जर्वर बनाया गया है। भूपेश बघेल की टीम उत्तर प्रदेश में कई महीने पहले से काम कर ही रही है। उत्तर प्रदेश से जुड़े कांग्रेस के सभी बड़े नेता आज लखीमपुर खीरी में मौजूद रहेंगे।

Check Also

विधायक देवेंद्र के नेतृत्व में हजारों भिलाइयंस ने निकाली भिलाई बचाओ पदयात्रा

1000 कदम चलकर बीएसपी प्रबंधन के फैसले पर जताया विरोध भिलाई/ भिलाई बचाओ आंदोलन के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!