छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित हो रहे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के दूसरे दिन भी जमकर माहौल बना। दूसरे दिन विदेशी कलाकारों की प्रस्तुति की अंतिम कड़ी में नाइजीरिया के कलाकारों ने पेशकश दी। इन कलाकारों ने मंत्रमुग्ध करने वाली ताल के साथ नृत्य किया। अंतिम दौर में कलाकारों ने राज्य के मंत्रीगणों व अन्य अतिथियों को मंच पर आमंत्रित किया। नाइजीरियाई कलाकारों के आग्रह पर मंच पर पहुँचे अतिथियों ने भी उनकी उम्मीदों के अनुरूप साथ निभाया। संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, गिरीश देवांगन, अटल श्रीवास्तव से लेकर मौजूद अन्य अतिथियों ने कलाकारों के साथ ताल-से-ताल मिलाया। विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, महिला एवं बाल विकास समाज कल्याण मंत्री अनिला भेड़िया, राज्य सभा सदस्य छाया वर्मा, फूलोदेवी नेताम ने भी साज में साथ निभाया। दर्शक दीर्घा में मौजूद लोग भी झूमने लगे। छत्तीसगढ़ से मिले इस प्यार से अभिभूत नाइजीरियाई कलाकारों ने कई बार “छत्तीसगढ़िया-सबले बढ़िया” का नारा गुंजायमान किया।