Breaking News

प्रदेश के सैकड़ों दिव्यांग बच्चों के हौसलों की ‘उड़ान’ 5 दिसंबर को : दिखाएंगे अपनी खेल प्रतिभा

  • सामाजिक संगठन जीई फाउंडेशन का सालाना आयोजन, बीएसपी, जिला व पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधि होंगे शामिल

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

भिलाई। सामाजिक संस्था गोल्डन एंपथी (जीई) फाउंडेशन की ओर से दिव्यांग बच्चों के लिए वृहद खेल समारोह ‘उड़ान’ का भव्य आयोजन 5 दिसंबर रविवार को भिलाई निवास के सामने स्थित दिव्यांग खेल मैदान में सुबह 9 बजे से किया जा रहा है। इसमें दुर्ग सहित 4 जिले के 400 से ज्यादा दिव्यांग बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता के दौरान कोविड नियमों का पालन किया जाएगा। एक दिवसीय प्रतियोगिता में अब तक दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव व धमतरी के नि:शक्तजन स्कूलों से प्रतिभागी दिव्यांग बच्चों ने पंजीयन कराया है।

प्रतियोगिता के अवसर पर भिलाई स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता, सशस्त्र सीमा बल के उपमहानिरीक्षक सुधीर कुमार, बीएसपी के ईडी एमएम राकेश, ईडी पीएंडए एसके दुबे, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल मैनेजर अशेष चक्रवर्ती, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कमांडेंट एसके बाजपेयी सहित छत्तीसगढ़ शासन, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, भिलाई स्टील प्लांट और आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

जीई फाउंडेशन के संयोजक प्रदीप पिल्लई ने बताया कि आयोजन स्थल पर भी तत्काल पंजीयन की सुविधा दी जाएगी। रजिस्ट्रेशन से चूकने वाले दिव्यांग बच्चों के आयोजन स्थल पहुंचने पर तत्काल पंजीयन कर उन्हें प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता में इन प्रतिभागियों व उनके शिक्षक-पालक सहित सैकड़ो लोगों के आने की संभावना है। उन्होंने दिव्यांग बच्चों की हौसला अफजाई के लिए दर्शकों से उपस्थिति की अपील की है।

Check Also

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को मिला ए ग्रेड

THE CG NEWS रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से आज लोक भवन में इंदिरा गांधी कृषि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!