


द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ के 18 विधायक दिल्ली पहुंच चुके हैं। इस बार ढाई-ढाई साल के शक्ति प्रदर्शन का हिस्सा नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के चुनाव को लेकर विधायकों को दिल्ली बुलाया गया है। दिल्ली में आज शाम 5 बजे कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी विधायकों की बैठक लेंगी।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके बाद विधायकों को उत्तर प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए भेजा जाएगा। आज सुबह की फ्लाईट से दिल्ली पहुंचने वाले विधायकों में वरिष्ठ कांग्रेस विधायक व छत्तीसगढ़ के पूर्व शिक्षा मंत्री सत्यनारायण शर्मा, छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन अरुण वोरा, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के चेयरमेन कुलदीप जुनेजा, भुनेश्वर बघेल सहित डेढ़ दर्जन से ज्यादा विधायक हैं।
बता दें कि देश के दिग्गज कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रह चुके हैं। उत्तर प्रदेश के लोग आज भी राज्यपाल के रूप में मोतीलाल वोरा द्वारा किये गए कार्यों को याद करते हैं। उनके राज्यपाल पद पर रहते हुए विधायक अरुण वोरा भी कई बार यूपी का दौरा कर चुके हैं। यूपी की राजनीति से भलीभांति परिचित हैं। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और विधायक, पूर्व विधायक और संगठन नेताओं के अरुण वोरा से काफी अच्छे संबंध हैं।
प्रियंका गांधी की सक्रियता से यूपी चुनाव में कांग्रेस को मिलेगा लाभ, जीतेंगे चुनाव : वोरा
दिल्ली पहुंचे दुर्ग के कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कहा है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की लगातार सक्रियता से यूपी चुनाव में कांग्रेस की स्थिति काफी बेहतर है। उनकी सभा में उमड़ने वाली भीड़ से पता चल रहा है कि इस बार यूपी में कांग्रेस की लहर चलेगी। प्रियंका गांधी के सशक्त मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। वोरा ने कहा कि यूपी चुनाव के वरिष्ठ पर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लगातार यहां चुनाव में सभाएं ली हैं। इन सभाओं का आम जनता में काफी अच्छा असर पड़ा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal