
- सुपेला शीतला तालाब के सौंदर्यीकरण और विकास सहित शहर विकास के लिए अन्य जरूरी कार्यों के स्लो प्रोग्रेस पर महापौर नीरज पाल ने जताई नाराजगी
- बीच में ही बैठक स्थगित करते हुए बोले कि अगली बार पूरी तैयारी के साथ हों उपस्थित
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई नगर/ महापौर नीरज पाल ने आज नेहरू नगर जोन क्रमांक 1 के अधिकारियों की बैठक ली। काफी लंबे समय से सुपेला शीतला तालाब के अटके हुए काम को लेकर नेहरू नगर के कार्यपालन अभियंता पर नाराजगी जताई। महापौर ने कहा कि सुपेला शीतला तालाब शहर का प्रमुख तालाब है। इसके लिए राशि भी स्वीकृत है, फिर भी अधिकारी काम नहीं करा रहे हैं। इससे शहर की जनता को मिलने वाले लाभ से उन्हें वंचित होना पड़ रहा है। शहर विकास के लिए इस प्रकार की लापरवाही नहीं चलेगी। उन्होंने शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं हुडको में 17 लाख की लागत से होने वाले डामरीकरण की धीमी गति पर भी नाराजगी जताई। कार्य जल्द पूर्ण करने कहा।
तकरीबन 88 लाख की लागत से सुपेला शीतला तालाब का सौंदर्यीकरण और विकास कार्य होना है। काफी समय से तालाब में विकास कार्य रुका हुआ है। एजेंसी ने काम रोक दिया है। नेहरू नगर जोन के अधिकारी तालाब का काम बंद होने को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए। इस पर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने बैठक बीच में ही स्थगित करते हुए कहा कि अगली बैठक में पूरी तैयारी के साथ और अपडेट जानकारी के साथ उपस्थित हों। समीक्षा बैठक में अधीक्षण अभियंता यू.के. धलेंद्र, जोन आयुक्त मनीष गायकवाड, कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा, सहायक अभियंता आलोक पसीने, उप अभियंता गौरव अग्रवाल व श्वेता वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में इन कार्यों को समय पर पूर्ण करने महापौर ने दिए निर्देश
महापौर ने शहर में विकास के लिए नेहरू नगर क्षेत्र अंतर्गत वर्ष 2016-17 से लेकर अब तक के कार्यों की जानकारी मांगी है। निगम में जो एजेंसी काम लेने के बाद भी काम नहीं कर रहे हैं, उनकी सूची भी तैयार की जाएगी। इसके अतिरिक्त बैठक में वार्ड क्रमांक 5 पीली मिट्टी चौक में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने, प्रियदर्शनी परिसर में अग्रवाल भवन के पीछे लॉन टेनिस व वॉलीबॉल कोर्ट निर्माण कार्य फरवरी के प्रथम सप्ताह में पूर्ण करने, बीएसपी से अनापत्ति के अभाव में रुके हुए कार्यों की सूची प्रदान करने, नेहरू नगर जोन अंतर्गत उद्यानों का सौंदर्यीकरण, हुडको कालीबाड़ी डोम शेड का कार्य प्रारंभ करने, पेवर ब्लॉक लगाने में गुणवत्तापूर्ण कार्य करने, सहस्त्रबाहु उद्यान में सौंदर्यीकरण कार्य को फरवरी माह के अंत तक पूर्ण करने, कर्मा भवन में डोम शेड कार्य को अति शीघ्र पुनः निविदा करने और वार्ड क्रमांक 5 लक्ष्मी नगर राजीव चौक के पास भवन निर्माण कार्य 2 दिनों के भीतर प्रारंभ करने के निर्देश महापौर ने दिए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal