Breaking News

बीएसपी नगर सेवा विभाग के अफसरों पर व्यापारियों का गुस्सा फूटा : स्टील सिटी चेंबर के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन पर लगाए गए आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताई

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

भिलाई स्टील सिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी व सेक्टर्स प्रतिनिधियों की आवश्यक बैठक इंडियन कॉफी हाउस सेक्टर 10 में हुई जिसमें भिलाई इस्पात संयंत्र नगर सेवा विभाग के अधिकारियों द्वारा दुर्भावनावश स्टील सिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन पर लगाए गए मनगढ़ंत आरोपों पर कड़ी आपत्ति दर्ज की गई। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर नगर सेवा विभाग भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि जिन नियम कायदों की दुहाई देकर कार्य करने की बात करते हैं, उनका आचरण और कार्यप्रणाली ठीक इसके विपरीत है ।

स्टील सिटी चेंबर के महासचिव दिनेश सिंघल ने नगर सेवा विभाग के अधिकारियों द्वारा चेंबर के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन पर लगाए गए आरोपों की कड़ी निंदा करते हुए नगर सेवा विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि समय रहते नगर सेवा विभाग के अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करें। राजस्व देने वाले व्यापारियों पर किसी तरह की कार्रवाई करने की बजाय अधिकारियों की नाक के नीचे फल-फूल रहे चौपाटी जैसे बड़े-बड़े बाजार सहित अन्य अवैध बाजारों पर तत्काल कार्रवाई करें। विपरीत  परिस्थितियां पैदा होने पर पूरी जवाबदारी नगर सेवा विभाग के अधिकारियों की होगी।

चेंबर महासचिव दिनेश सिंघल ने ज्ञानचंद जैन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता से नगर सेवा विभाग के अधिकारी परेशान हैं। ज्ञानचंद जैन हर जरूरतमंद व्यापारी की मदद करने बढ़चढ़कर कार्य करते हैं। नगर सेवा विभाग के अधिकारी मनगढ़ंत आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं। चेंबर पदाधिकारियों ने यूके झा से सवाल किया है कि उनके चेंबर में व्यापारी प्रतिनिधि ने प्रभावित व्यापारी के साथ बैठकर चर्चा के बाद किन कारणों से दुकान तक सहायक महाप्रबंधक स्वयं गए और दुकानदार को शारीरिक, आर्थिक और मानसिक प्रताड़ना देकर शेड हटाने के लिए बाध्य किया। इस शेड से कहीं भी सड़क बाधित नहीं हो रही थी। बेवजह दबाव बनाकर परेशान किया गया।

बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने ज्ञानचंद जैन को पूरी तरह समर्थन देते हुए कहा कि किसी भी तरह की नोटिस या किसी भी तरह का दबाव प्रबंधन बनाने पर शहर का हर व्यापारी नगर सेवा विभाग को उचित जवाब देंगे। बैठक में सिविक सेंटर चेंबर ऑफ कॉमर्स भिलाई, न्यू सिविक सेंटर रेसिडेंस एसोसिएशन, मिनी मार्केट सिविक सेंटर व्यापारी संघ, सेक्टर 10 व्यापारी संघ, सेक्टर 6 व्यापारी संघ ,सेक्टर 2 व्यापारी संघ, सेक्टर 4 व्यापारी संघ,अस्पताल सेक्टर व्यापारी संघ, सेक्टर 7 व्यापारी संघ, सेक्टर-1 व्यापारी संघ, आमदी सेक्टर हुडको व्यापारी संघ, भिलाई नगर व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित सेक्टर्स के प्रतिनिधियों ने बैठक में ज्ञानचंद जैन को अपना समर्थन दिया। व्यापारियों ने एकमत से नगर सेवा विभाग की कार्यशैली की कड़ी निंदा की।

बैठक में व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों को स्टील सिटी चेंबर के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और बताया कि उपरोक्त संदर्भ में सिटी चेंबर के 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधीश दुर्ग से उनके कार्यालय में मुलाकात की है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए नगर सेवा विभाग की कार्य शैली के संदर्भ में जिलाधीश को अवगत कराया है। जैन ने बताया कि जिलाधीश नरेंद्र सर्वेश्वर भुरे और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने चर्चा के दौरान कहा है कि  शहर के व्यापारियों की समस्याओं के संदर्भ में बीएसपी अफसरों से चर्चा की जाएगी। भिलाई महापौर नीरज पाल ने भी व्यापारिक समस्याओं पर चर्चा करने की बात कही है। नगर पालिक निगम के आयुक्त ने भी व्यापारिक समस्याओं पर शीघ्र बैठक रखने की जानकारी दी है। स्टील सिटी चेंबर ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अवैध कब्जों के खिलाफ कार्यवाही न करने और राजस्व देने वाले व्यापारियों पर कार्यवाही करने की कार्यशैली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Check Also

चुनाव संबंधी शिकायतों का निराकरण करने जिला स्तरीय शिकायत सेल गठित

THE CG NEWS दुर्ग/ छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर के निर्देशानुसार जिले में नगर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!