मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर जिले के अभनपुर केंद्री के पास कार दुर्घटना में 5 महिलाओं की मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया है। ये महिलाएं भिलाई से राजिम पुन्नी मेले में शामिल होने के लिए जा रही थी। कार के डिवाइडर से टकराने से यह हादसा हुआ। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। बघेल ने इस दुर्घटना में घायल ड्राइवर को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

सीएम के निर्देश पर मिली सहायता राशि : घायलों का अंबेडकर अस्पताल में हो रहा बेहतर इलाज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर त्वरित अमल करते हुए सड़क दुर्घटना में मृत भिलाई निवासी 6 महिलाओं के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि दे दी गई है। अभनपुर एस.डी.एम ने यह राशि मृतकों के परिजनों को दी है। सड़क हादसे में घायल 5 महिलाओं का इलाज मेडिकल कॉलेज के अंबेडकर अस्पताल में किया जा रहा है।
आज सुबह 6 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर अभनपुर के केन्द्री में मोनफोर्ट स्कूल के पास सड़क दुर्घटना में 6 महिलाओ की मृत्यु हो गई। 5 अन्य महिलाएं इस दुर्घटना में बुरी तरह घायल हुई हैं। सभी महिलाएं भिलाई की रहने वाली है। दुर्घटना की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तत्काल अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए और मृतक महिलाओं के परिजनों को 25-25 हजार रूपये की सहायता भी तत्काल देने को कहा।
अभनपुर के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी ने सड़क दुर्घटना में मृत रीना करमाकर, सुचित्रा साहा, सविता रानी और मीरा दास के पुत्रों को 25 -25 हजार रूपये की आर्थिक सहायता दी। वहीं रीना चौधरी और अर्जना मौला के पतियों को 25 -25 हजार रूपये की सहायता दी गई है।