द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पेश किये गए वर्ष 2022-23 के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस विधायक राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने कहा है कि यह बजट हर मायने में ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास और आम जनता की भावनाओं के अनुरूप ऐसा बजट आज तक कभी किसी राज्य में प्रस्तुत नहीं किया गया। बजट में गरीब, मजदूर, किसान, महिला, मध्यम वर्ग, युवा , बेरोजगार, कर्मचारी, संस्कृति और धरोहर सभी के संरक्षण व सशक्तिकरण का प्रावधान रखा गया है।

वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने जो कहा, वो कर के दिखाया है। छत्तीसगढ़ के नए विकास मॉडल की चर्चा पूरे देश में है। अन्नदाता किसानों का खेती के प्रति रुझान लौटना हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को 6 हजार की जगह 7 हजार रु प्रतिवर्ष दिए जाने का निर्णय सराहनीय है। इस वर्ग में देवस्थल में पूजा करने वाले व्यक्तियों को भी लाभान्वित करने का निर्णय ऐतिहासिक है। गौठानों को महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित करने और बजट में उन्नत अधोसंरचना व बुनियादी सुविधाओं के लिए 600 करोड़ का प्रावधान करने के निर्णय की तुलना किसी पूर्ववर्ती योजना से नहीं की जा सकती।
वोरा ने कहा कि भूपेश सरकार ने न सिर्फ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की धरोहर को संभालने का कार्य किया है बल्कि उनके सपनों के भारत की दिशा में ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आम जनता को मजबूत करने एक ठोस संकल्पना का भी दृढ़ निश्चय दिखाया है। 15 वर्षों तक सिर्फ राज सत्ता का सुख भोगने वालों के लिए यह पचा पाना मुश्किल है। प्रदेश के युवा वर्ग को अब व्यापमं की प्रतियोगी परीक्षा में हिस्सा लेने किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। सरकारी कर्मचारी हों अथवा शासकीय अधिवक्ता या त्रिस्तरीय पंचायती राज से जुड़े जनप्रतिनिधि हों, जनसेवा से जुड़े हुए लोगों के मानदेय से लेकर विकास निधि में दोगुनी वृद्धि कर मुख्यमंत्री ने जनता को विकास के और अधिक करीब लाया है।
वोरा ने कहा कि कोरोना काल के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं में सरकार ने बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने गंभीरता से कार्य किया है जिससे ना सिर्फ स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ हुई हैं बल्कि रोजगार के अवसर भी युवाओं को प्राप्त हुए हैं जिसकी जितनी भी तारीफ की जाए कम है। बिना किसी नवीन कर का प्रस्ताव रखे ऐसे विकासोन्मुखी बजट की हर किसी को उन्मुक्त कंठ से सराहना करनी चाहिए। वोरा ने दुर्ग जिले में विकास कार्यों के लिए बड़ी राशि की सौगात देने पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal