- चौक-चौराहों में प्याऊ घर खोलने जनसेवी संस्थाओं से अपील की
- मकानों व आसपास के पेड़ों में पानी के सकोरे बांधें, ताकि पशु-पक्षियों की प्यास बुझ सके
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई। गर्मी बढ़ने के कारण अब लोगों के कंठ सूखने लगे हैं। महापौर नीरज पाल ने सूर्य की तेज तपिश से राहत दिलाने के लिए भिलाई नगर निगम के सभी जोन क्षेत्रों में प्याऊ घर खोलने के निर्देश दिए हैं। निगम आयुक्त प्रकाश सर्वें ने भी भीषण गर्मी में राहगीरों के सूखे कंठ को तर करने सभी जोन आयुक्तों को सार्वजनिक स्थानों व भीड़-भाड़ वाले इलाकों में प्याऊ घर खोलने सामाजिक संस्थाओं से अपील करने कहा है। आयुक्त ने कहा है कि इस पुनीत जनसेवी कार्य में सहभागी बनकर आम राहगीरों व प्यासों की प्यास बुझाने मददगार बनें। शुरूआती दौर में भिलाई निगम ने दो स्थानों पर प्याऊ घर खोल दिये हैं।
निगम मुख्य कार्यालय के समीप और नेशनल हाईवे रोड में गौठान के पास दो प्याऊ घर खोले गए हैं। इसी तरह जोन 1 से 5 के कई व्यस्ततम इलाकों में प्याऊ घर खोले जाने के निर्देश आयुक्त ने दिए हैं। महापौर नीरज पाल ने आम जनता से अपील की है कि प्याऊ घर के साथ पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए अपने घरों के सामने व आसपास पेड़ों में सकोरों और पशुओं के लिए पात्रों में पानी भरकर रखें। इस पहल से पशु-पक्षियों को गर्मी में राहत मिल सकेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
