Breaking News

भिलाई की अनिका बुद्धिमता में अलबर्ट आईंस्टीन और स्टीफन हाकिंग से बेहतर

  • अंतरराष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में बैठी, जहां आईक्यू स्तर सर्वाधिक बताया

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

भिलाई। इस्पात नगरी भिलाई के एक परिवार की नन्ही बेटी अनिका नारंग की बुद्धिमता (आईक्यू) का स्तर विश्व प्रसिद्ध दिग्गज वैज्ञानिकों अल्बर्ट आइंस्टीन और स्टीफन हाकिंग से भी उच्चतम आंका गया है। अनिका ने ब्रिटेन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की एक प्रतिष्ठित परीक्षा ‘मेंसा’ दिलाई थी। जिसमें उनके आईक्यू स्तर की रैंकिंग 162 आंकी गई है, जो कि आइंस्टीन और हॉकिंग दोनों से कहीं आगे है।

अनिका की इस उपलब्धि से उनके नेहरू नगर भिलाई स्थित निवास पर खुशी का माहौल है। अनिका को ब्रिटिश अखबारों ने ‘आइंस्टीन’ का खिताब दिया है। ब्रिटेन के बकिंघमशायर के एमरशाम में निवासरत अनिका ने इस कठिनतम परीक्षा में यह साबित कर दिखा दिया कि वो इस संसार के सबसे बुद्धिशाली विशिष्ट वर्ग का हिस्सा है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है की वह अभी सिर्फ़ 11 साल की है।

अनिका इस्पात नगरी में नेहरू नगर में निवासरत वरिष्ठ समाज सेवी नरेश खोसला की बहन रेणुका नारंग की पौत्री हैं। इन दिनों सिंगापुर प्रवास पर गए नरेश खोसला ने यह जानकारी देते हुए कहा कि परिवार की नन्ही सी सदस्य की इतनी बड़ी उपलब्धि से हर कोई गौरवान्वित महसूस कर रहा है। फिलहाल अनिका के सभी परिजन ब्रिटेन में हैं। कम उम्र में ही अपनी बुद्धिमत्ता का लोहा मनवाने वाली अनिका का जन्म लंदन में हुआ। शुरू से ही पढ़ाई, गीत संगीत और खेल कूद में निपुण अनिका अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, कड़े अनुशासन और माता पिता के समर्पण को देती है।

अनिका ने अपनी प्राथमिक शिक्षा पूरी करने के साथ ही ब्रिटेन के तक़रीबन सभी नामी गिरामी स्कूलों में भी उच्च शिक्षा के लिए स्थान प्राप्त किया है। ब्रिटेन में ‘मेन्सा’ नामक संस्थान एक बहुत ही कठिन प्रक्रिया के द्वारा परीक्षार्थियों की बुद्धिमत्ता (आईक्यू स्तर) की परीक्षा लेता है। इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहद सम्मान से देखा जाता है और इसमें शामिल सिर्फ़ प्रथम 1 प्रतिशत स्टूडेंट ही ‘मेंसा’ के विशिष्ट क्लब का हिस्सा बन सकते हैं। अनिका के माता पिता – विभोर और सुचिता दोनो लंदन में बैंकिंग इंडस्ट्री में उच्च पदों पर हैं। विभोर नारंग ने अपनी पढ़ाई भिलाई से पूरी की। आनिका के दादा धर्मवीर नारंग और दादी रेणुका नारंग दोनों भिलाई इस्पात संयंत्र की सुदीर्घ सेवा से निवृत्त हुए हैं और भिलाई नेहरू नगर में निवास करते हैं। अनिका के नाना विनोद मलिक और नानी रेखा मलिक मुंबई के एक सफल व्यवसायी रह चुके हैं।

Check Also

वैश्विक ऊर्जा समिट में छत्तीसगढ़ के पवेलियन का अवलोकन करेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

कुछ ही देर में भारत मंडपम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद राउंड टेबल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!