- मुख्यमंत्री से महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने की मुलाकात
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने मुलाकात कर महाराष्ट्र की ऊर्जा संबंधी जरूरतों पर विस्तृत विचार विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र की ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए गारे पेलमा सेक्टर-2 कोल ब्लाक के क्लीयरेंस के लिए नियमानुसार यथासंभव जल्द मदद करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री निवास में आज हुई मुलाकात में महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने बताया कि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की गारे पेलमा कोल ब्लाक गारे पेलमा सेक्टर-2 महाराष्ट्र की विद्युत कम्पनी (महाजेनको) को आबंटित है। महाराष्ट्र में विद्युत उत्पादन के लिए कोयला की आपूर्ति इस कोल ब्लाक से की जानी है, जिससे आने वाले समय में कोयले की आपूर्ति की निरंतरता बनी रहे।
महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से कोल ब्लाक से संबंधित सभी औपचारिकताओं को जल्द पूर्ण कराने का आग्रह करते हुए इस कोल ब्लाक के लिए वन व्यपवर्तन और राज्य शासन की अनुशंसा का अनुरोध भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, उर्जा सचिव अंकित आनंद, महाराष्ट्र के विद्युत कम्पनी (महाजेनको) के सीएमडी संजय खंडारे, डायरेक्टर पुरुषोत्तम जाधव, एक्जीक्यूटिव डारेक्टर नितिन बाघ उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal