Breaking News

कलेक्टर ने नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया : टाउनशिप में पानी के सैंपल की जांच कराने कहा : साफ पानी सप्लाई करने सख्त निर्देश दिये

  • कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सुबह 6 बजे से नगर निगम व बीएसपी अफसरों के साथ बारिश पूर्व नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया
  • नाला सफाई कार्य युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए 

द सीजी न्यूज

भिलाई नगर/ आज सुबह 6 बजे से कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने निगम व बीएसपी अधिकारियों के साथ शहर के नाला सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने सेक्टर 6 के पास के मुख्य नाला, गौतम नगर व बापू नगर के मध्य तेल्हा नाला, करुणा अस्पताल के सामने नाला, और छोटी नालियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएसपी अफसरों को निर्देश देते हुए कहा कि नाला से जलकुंभी हटाने के लिए संसाधन बढ़ाएं और नाला की सफाई का काम जल्द पूरा करें।

उन्होंने टाउनशिप क्षेत्र में बैक लाइन की सफाई का काम भी देखा। अभियान चलाकर बेक लाइन की सफाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने  सेक्टर 7 और सेक्टर 8 सहित अन्य क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। रहवासियों से फीडबैक लिया। नागरिकों ने बताया कि अभी शुरुआती दौर में पानी अशुद्ध आता है। स्टार्टिंग टाइम में गंदे पानी की समस्या बरकरार है। कलेक्टर ने बीएसपी अफसरों को  कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए हरसंभव प्रयास करें, पानी की समस्याओं को गंभीरता से लेकर समाधान का प्रयास करें और पानी टंकियों की सफाई भी कराएं।

इस दौरान घरों से पानी के सैंपल लिये गए और इनका परीक्षण लैब में कराने के निर्देश दिये गए। कलेक्टर ने नेशनल हाईवे के समीप नाली निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने एनएच के अधिकारियों को नाली निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने और नाली को ढंकने व सुरक्षित करने के साथ ही पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पावर हाउस बस स्टैंड की ओर से पानी निकासी के लिए प्रगति मार्केट की ओर पाइप लाइन बिछाने के कार्य की जानकारी अधिकारियों से ली। पावर हाउस ओवरब्रिज के संधारण व ब्यूटीफिकेशन कार्य का निरीक्षण भी कलेक्टर ने किया। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जोन आयुक्त अमिताभ शर्मा, एनआर रत्नेश, कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा व संजय बागड़े, स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा, बीएसपी अधिकारी, एनएच के अधिकारी और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

वैश्विक ऊर्जा समिट में छत्तीसगढ़ के पवेलियन का अवलोकन करेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

कुछ ही देर में भारत मंडपम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद राउंड टेबल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!