- सड़क निर्माण की तकनीकी खामियां दूर करें एनएच और पीडब्लूडी के अफसर
- व्यवस्था दुरुस्त करने यातायात विभाग, पीडब्लूडी और स्थानीय निकाय संयुक्त रूप से चलाएं अभियान
द सीजी न्यूज
स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरूण वोरा आज छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शामिल हुए। मंत्रालय में परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोक निर्माण विभाग मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक अरुण वोरा, कुलदीप जुनेजा सहित अन्य सदस्यों ने कई सुझाव दिये। बैठक में वोरा ने प्रदेश स्तर पर यातायात की समस्याओं का निबटारा करने के साथ ही दुर्ग जिले में दुर्घटनाएं रोकने और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
वोरा ने जीई मार्ग के उन्नयन कार्य के दौरान नए पोल लगने के बावजूद अभी तक लाइट लगाने का कार्य न होने सहित आवारा मवेशियों को पकड़कर शहरी गौठान में रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का मुद्दा जोरशोर से उठाया। वोरा ने कहा कि यातायात सिग्नल लगाना बेहद आवश्यक है। यातायात विभाग नियमों का पालन सुनिश्चित कराए, ताकि लोगों को जान माल का नुकसान न होने पाए। वोरा ने साफ शब्दों में मुखरता से कहा कि दुर्ग की सड़कों पर सैकड़ों मवेशियों को विचरते देखा जा सकता है। सड़कों पर मवेशियों का विचरण रोकने की दिशा में कोई काम नहीं हो रहा है। रेडियम पट्टी पहनाने का अभियान भी ठप है।
वोरा ने कहा कि दुर्घटना रोकने ब्लैक स्पॉट की पहचान कर सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। सड़कों पर गड्ढे भरने का अभियान लगातार चलना चाहिए। पेट्रोलिंग टीम बनाई जाए, जो प्रमुख मार्गों से होकर रोज गुजरे और गड्ढे होने पर तत्काल गड्ढे भरने की व्यवस्था की जाए। वोरा ने जोर देते हुए कहा कि पुलिस, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग आपसी समन्वय से कार्ययोजना बनाएं ताकि दुर्घटना वाले क्षेत्रों में एक्सीडेंट रोकने की दिशा में पुख्ता काम किया जा सके।
वोरा ने कहा कि जिन स्थानों पर सड़कें नेशनल हाईवे पर मिलती हैं, वहां गति नियंत्रित करने के ठोस उपाय किये जाएं। शहर की प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण हटाने के लिए संयुक्त दल बनाया जाए। अवैध होर्डिंग्स, स्ट्रीट लाईट, निर्माणाधीन मार्गों में बेहतर सुरक्षा, राजकीय मार्गों के उन्नयन और चौड़ीकरण के साथ ही वोरा ने दुर्ग जिले में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने सभी चौक-चौराहों पर सिग्नल, सीसीटीवी कैमरे लगाने पर जोर दिया।
वोरा ने मालवीय चौक, जेल तिराहा, महाराजा चौक, शहीद चौक, करहीडीह चौक, पटेल चौक, मिनीमाता चौक में ट्रैफिक सिग्नल लगाने के साथ ही सड़क किनारे पड़े बिल्डिंग मटेरियल, कंडम गाड़ियों और अवैध होर्डिंग्स की भरमार की समस्या से निपटने के साथ ही रोड़ सेफ्टी के कार्य जैसे कैट आई, पेड़ों की रंगाई-पोताई के कार्य कराए जाने पर जोर दिया। उन्होंने पशुधन संरक्षण और सुरक्षा के साथ ही जान-माल का नुकसान रोकने मवेशियों के गले पर रेडियम पट्टी पहनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का अगग्रह किया। वोरा ने धमधा नाका ओवरब्रिज और पुलगांव ब्रिज के साथ ही महमरा एनीकट पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने पर जोर देते हुए कहा कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने सजगता और प्रशासनिक कसावट जरूरी है।
अकबर ने दिये निर्देश : ओवरलोडिंग, नशे की हालत में वाहन चालकों पर कार्रवाई करें
राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर ने चर्चा करते हुए सड़क सुरक्षा तथा दुर्घटना पर नियंत्रण के लिए ओव्हर लोडिंग, अत्यधिक गति तथा नशे की हालात और बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने इसके लिए पुलिस तथा परिवहन विभाग को विशेष अभियान चलाए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में वाहनों की सघन जांच और तेज गति को नियंत्रित करने के लिए स्पीड गवर्नर लगाने की दिशा में कार्रवाई करने और नशापान और सड़क पर स्टंट करके वाहन चलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में संसदीय सचिव चन्द्रदेव राय, प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात प्रदीप गुप्ता, सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, सचिव शहला निगार, सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, सचिव टोपेश्वर वर्मा, परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
