Breaking News

रिजॉर्ट में वेश्यावृत्ति से इंकार करने के कारण अंकिता की हत्या : पब्लिक ने पुलिस वाहन में बैठे आरोपियों की जमकर धुनाई की : भाजपा ने आरोपी के पिता और भाई को पार्टी से निकाला : सीएम ने आधी रात को रिजार्ट पर चलवाया बुलडोजर

  • गुस्साए लोगों ने विधायक की गाड़ी के शीशे तोड़े, आरोपी पुलकित आर्य की फैक्टरी में लगाई आग
  • मुख्य आरोपी पुलकित आर्य बीजेपी नेता विनोद आर्य का बेटा है। विनोद राज्य मंत्री रहे हैं। बीजेपी ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं और यूपी के सह-प्रभारी हैं। विनोद आर्य के बड़े बेटे अंकित आर्य दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हैं और इस वक्त वो राज्य पिछड़ा आयोग में उपाध्यक्ष हैं।

द सीजी न्यूज

ऋषिकेश में अंकिता भंडारी की हत्या और इससे जुड़े पूरे मामले का खुलासा होने के बाद से पूरे उत्तराखंड में सनसनी फैल गई है। उत्तराखंड SDRF ने शनिवार की सुबह अंकिता भंडारी का शव ऋषिकेश की चीला नहर से बरामद कर लिया है। मामले की जांच अब एसआईटी करेगी।राज्य में धामी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए आरोपी पुलकित आर्य के भाई अंकित आर्य को पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष पद से हटा दिया है। भाजपा ने आरोपी पुलकित आर्य के पिता भाजपा नेता विनोद आर्य और भाई अंकित आर्या को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

शनिवार को सुबह अंकिता का शव मिलने के बाद पूरे प्रदेश में जगह-जगह लोगों का गुस्सा दिखाई दे रहा है। सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे लोग आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे हैं। गुस्साए लोगों ने आरोपी पुलकित आर्य की फैक्टी में आग लगा दी। यह फैक्ट्री वनंत्रा रिजॉर्ट के पीछे बनी थी। इससे पहले सीएम धामी के निर्देश पर रिजार्ट पर बुलडोजर चलवा दिया गया था। इधर, हत्याकांड के आरोपियों को लेकर कोटद्वार न्यायालय जा रही जीप को गंगा भोगपुर के आक्रोशित लोगों ने रोका। पुलिस की गाड़ी में बैठे आरोपियों की पब्लिक ने जमकर धुनाई कर दी।लोगों ने जीप के शीशे तोड़कर आरोपियों के कपड़े फाड़ दिए और उनकी जबरदस्त पिटाई की। लोगों ने गाड़ी को पलटने की कोशिश भी की। करीब 45 मिनट बाद एएसपी शेखर सुयाल मौके पर पहुंचे और लाठी चलाने के बाद ही भीड़ को मौके से भगाया जा सका।

भाजपा विधायक की कार में तोड़फोड़ 

एम्स में पोस्टमार्टम के दौरान यमकेश्वर की विधायक रेणु बिष्ट यहां पहुंची तो गुस्साई भीड़ ने उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने भाजपा विधायक रेनू बिष्ट की कार पर हमला कर दिया। इसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई है। लोगों के विरोध के बाद एम्स से विधायक को निकालना पड़ा।
वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी अंकिता
एएसपी कोटद्वार शेखर सुयाल ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पौड़ी गढ़वाल के नांदलस्यूं पट्टी के श्रीकोट निवासी अंकिता भंडारी (19) वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। वह गत 18 सितंबर को रहस्मय ढंग से लापता हो गई थी। रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य की ओर से उसकी गुमशुदगी राजस्व पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई। बृहस्पतिवार तक अंकिता का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद मामला लक्ष्मण झूला थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया था। जब पुलिस ने जांच की तो रिजॉर्ट के संचालक और उसके मैनेजरों की भूमिका सामने आई।
रिजॉर्ट के कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि 18 सितंबर को शाम करीब आठ बजे अंकिता रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर अंकित और भाष्कर के साथ रिजॉर्ट से गई थी। इसके बाद करीब साढ़े दस बजे ये तीनों ही रिजॉर्ट में लौटे। अंकिता उनके साथ नहीं थी। इस आधार पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने सारे घटनाक्रम को उगल दिया।

तीनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रिजार्ट में ठहरने वाले ग्राहकों से संबंध बनाने अंकिता पर दबाव डालते थे। यह बात अंकिता ने कुछ लोगों को बता दी थी। अंकिता बार-बार रिजॉर्ट की हकीकत सामने लाने की धमकी भी दे रही थी। इस बात को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दो अलग-अलग वाहनों पर चारों लोग चीला बैराज के पास गए। वहां पर उन्होंने फास्ट फूड के साथ शराब पी। इसके बाद आगे चले और नहर किनारे रुक गए। यहां पर पुलकित और अंकिता का झगड़ा होने लगा। इस बीच पुलकित को गुस्सा आ गया और उसने अंकिता को नहर में धक्का दे दिया। अंकिता ने दो बार पानी से ऊपर आकर बचाने की आवाज लगाई। पानी के तेज बहाव में वह डूब गई। वहां से भागकर तीनों आरोपी रिजॉर्ट में लौट गए। उन्होंने यहां के कर्मचारियों को अंकिता अपने कमरे में है। कुछ देर बाद तीनों ही राजस्व पुलिस चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराने चले गए। 
लंबी पूछताछ के बाद पुलकित आर्य (निवासी स्वदेशी भवन, आर्यनगर, ज्वालापुर हरिद्वार), अंकित उर्फ पुलकित गुप्ता आर्य (निवासी दयानंद नगरी, ज्वालापुर, हरिद्वार) और सौरभ भास्कर (निवासी सूरजनगर, ज्वालापुर, हरिद्वार) को हत्या, साक्ष्य छुपाने आदि के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। एसडीआरएफ ने आज शव को बरामद कर लिया।
मुख्यमंत्री के आदेश पर रिजॉर्ट पर चला बुलडोजर
अंकिता हत्याकांड में लोगों को आक्रोश और विपक्ष की घेराबंदी के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर शाम बड़ा निर्णय लिया। उनके आदेश पर आधी रात बुलडोजर चलाकर रिजॉर्ट को ढहा दिया गया। रिजॉर्ट ढहाने की कार्रवाई पौड़ी जिला प्रशासन और पुलिस ने की।

Check Also

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा 30 अक्टूबर को दुर्ग में पदयात्रा में होंगे शामिल

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न THE …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!