मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात के दौरान ग्राम झलमला में कई विकास कार्याें की घोषणा की। उन्होंने कहा कि झलमला में नया ग्राम पंचायत भवन बनाया जाएगा। वहां स्थित हाई स्कूल और कन्या आश्रम में बॉउंड्रीवाल निर्माण, मंदिर से लेकर आंगनबाड़ी भवन तक और टॉवर से लेकर हाई स्कूल भवन तक सीसी रोड निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने चिल्फी, रेंगाखार और पोड़ी में स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने की घोषणा की। बोइरकछरा से गंडईखुर्द तक सड़क निर्माण, कवर्धा पोड़ी मुख्य मार्ग से ग्राम परसहा गाड़ाघाट तक सड़क निर्माण, कुसुमघटा से बोइर कछरा मार्ग में फोक नदी पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने झलमला के शासकीय प्री-मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास पहुंचकर छात्रों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत कर पढ़ाई-लिखाई तथा छात्रावास की विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने की समझाइश दी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने झलमला में आम जनता से बातचीत के दौरान जाना कि उन तक योजनाएं पहुंच रही हैं या नहीं। लोहारीडीह के किसान घनश्याम साहू ने बताया कि उनका 1.50 लाख रूपये का कर्जा माफ हो गया है, जिससे उन्होंने ट्रैक्टर खरीदा है। सीएम ने कहा कि 1 नवंबर से प्रदेश में धान खरीदी शुरू हो जाएगी। बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था होगी। बारदाने के लिए कहीं भी किसान भाइयों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौठानों में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क शुरू किए जा रहे हैं। हर रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में वर्किंग शेड, पहुँच मार्ग, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए 2 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण, महिलाएं और गांव के युवा रोजगार से जुड़ सके। उन्होंने युवाओं से कहा कि ज्यादा से ज्यादा रीपा से लाभ लें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में पर्यटन के विकास के लिए काम करें और स्थानीय युवाओं को पर्यटन के रोजगार से जोड़ें।

मुख्यमंत्री ने जाति प्रमाण पत्र के बारे में पूछा। इस बीच एक हितग्राही ने बताया कि उसका जाति प्रमाण पत्र नहीं बना है। मुख्यमंत्री ने पंचायत सचिव और तहसीलदार से जानकारी लेते हुए कार्यक्रम खत्म होने तक वस्तुस्थिति बताने कहा। ग्रामीण गोरेलाल ने बताया कि दो साल पहले वनाधिकार मान्यता पत्र मिला, अब भूमि पर खेती कर रहा हूँ। पंजीयन करा कर समर्थन मूल्य में धान बेचा है। वेदकुंवर ने बताया कि उन्होंने 2 हजार गड्डी तेंदू पत्ता बेचा है, जिससे 8 हजार रूपये की आय हुई है।