- शहर के विकास कार्यों में गति लाने विधायक अरुण वोरा ने मैराथन बैठक लेकर दिये निर्देश
- त्यौहार को देखते हुए आम जनता को मूलभूत सुविधाओं में कमी का सामना न करना पड़े : वोरा
- कहीं भूमिपूजन न होने तो कहीं महीनों से टेंडर प्रक्रिया लटकाए रखने के कारण नगर निगम के विकास कार्य अटके : अफसरों की कार्यप्रणाली से विधायक और महापौर की फजीहत हो रही
द सीजी न्यूज
विधानसभा चुनाव के लिए सिर्फ एक साल बचे हैं। दुर्ग शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के दावे किये जाते रहे हैं, लेकिन हाल ये है कि शहर की दुर्गति हो चुकी है। अधिकांश सड़कों पर बेशुमार गड्ढे हैं। सड़कों पर धूल के गुबार उड़ रहे हैं। वार्डों में विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन भूमिपूजन न होने या अन्य कारणों से काम ठप पड़े हैं। नगर निगम के अफसर कछुआचाल से फाइलें निपटा रहे हैं। टेंडर प्रक्रिया से लेकर वर्क आर्डर जारी करने की प्रक्रिया और फिर काम पूरा करने के कांम में लेटलतीफी के कारण शहर का विकास ठप पड़ा है। समग्र विकास और मेट्रो की तर्ज पर शहर को विकसित करने के दावे तार-तार हो रहे हैं।
विधायक अरुण वोरा बार बार बैठकें ले रहे हैं, लेकिन नगर निगम के अफसर पता नहीं किस नींद में सो रहे हैं। विकास की गति ठप पड़ी है। कभी फंड न होने का रोना रोया जा रहा है तो कभी दूसरे कारण गिनाए जा रहे हैं। बर्मन के बाद मंडावी और फिर प्रकाश सर्वे के बाद अब लोकेश साहू को निगम कमिश्नर बनाया गया है। नए कलेक्टर भी शहर का कई मर्तबा दौरा कर चुके हैं। लेकिन न तो निगम की व्यवस्था सुधर रही है, न विकास कार्य हो रहे हैं। जनप्रतिनिधियों से लेकर अफसरों के फोटो-सेशन अभियान और निर्देश, सख्त निर्देश, कड़े निर्देश की रोजाना झड़ी के बावजूद व्यवस्था जस की तस है। बदहाल … बदहाल … और बदहाल …
बैठक में विकास के पहियों को गति देने, मिशन मोड में काम करने का वही पुराना राग
बैठक में विकास के पहियों को गति देने का घिसा पिटा राग आलापा गया। कई बार बैठक हो चुकी है। नतीजा बेअसर रहा है। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने महापौर धीरज बाकलीवाल और नगर निगम के कमिश्नर लोकेश चंद्राकर की उपस्थिति में निगम व लोक निर्माण अधिकारियों की मैराथन बैठक लेकर मिशन मोड पर काम करने की रूपरेखा तैयार करने और कार्यों को गति देने के निर्देश दिये। विभागवार सभी पेंडिंग कार्यों के कारणों की जानकारी ली। वोरा ने कहा कि वर्षा ऋतु खत्म होने के साथ ही शहर के मुख्य मार्ग और वार्डों के आंतरिक सड़कों का डामरीकरण व सीमेंटीकरण तत्काल प्रारंभ किया जाए। सड़क, नाली, बिजली एवं पेयजल से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या न आने पाए। शासन द्वारा लगभग 17 करोड़ की राशि वार्डों के आंतरिक विकास के लिए स्वीकृत की गई है। प्रस्ताव भेजने व प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करने का काम जल्द से जल्द किया जाए। मुख्य मार्गों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। पेयजल आपूर्ति में रुकावट आने की शिकायतें दूर करने पर्याप्त कदम उठाए जाएं।
निगम अधिकारियों ने बताया कि वार्डों की आंतरिक सड़कों के लिए 7 करोड़ के मूलभूत विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, जिनके काम जल्द प्रारंभ होंगे। 10 करोड़ के प्रस्ताव राज्य शासन को भेजे गए हैं। प्रत्येक वार्ड में सड़कों को चिन्हित कर लगभग 4.8 करोड़ के कार्यों की निविदा प्रक्रिया की जा रही है। वोरा ने पुलगांव नाला डायवर्सन, गौरव पथ व मुक्तिधाम मार्ग निर्माण और ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट कार्य मे तेजी लाने, नए खम्बों में एलईडी लाइट के लिए प्रस्ताव बनाने और 60 वार्डों व उद्यानों की साफ सफाई के लिए निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ चंद्रशेखर ओगरे व उप अभियंता गगन जैन ने बताया कि शहर के 77 सड़कों हेतु 10.18 करोड़ के प्रस्ताव तैयार कर जिला कलेक्टर को प्रेषित किया गया है, जिस पर कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। विधायक वोरा ने कहा कि दीपावली पर्व को देखते हुए जनसुविधाओं और जनसुरक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों का समन्वय करने हेतु जिला कलेक्टर की मौजूदगी में गुरुवार को पुनः समीक्षा बैठक रखी जाएगी। इस दौरान नगर निगम के कार्यपालन अभियंता शंकर दयाल शर्मा, प्रमोद दुबे, प्रकाश थवानी, आरके जैन, भीम राव, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली समेत लोक निर्माण व निगम अमला मौजूद था।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
