- कवर्धा की वर्षो पुरानी मांग हुई पूरी, खुलेगा मेडिकल कॉलेज
- चार स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, सिंचाई परियोजना, उच्च स्तरीय पुल और सड़क निर्माण सहित कई घोषणाएं
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत आज कबीरधाम जिले के कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सुदूर वनांचल ग्राम झलमला और नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में आम जनता से सीधा संवाद किया। राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल राजीव गांधी किसान न्याय योजना, ऋण माफी योजना, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी भूमिहीन ग्रामीण कृषि मजदूर न्याय योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, मुख्यमंत्री हाट-बाजार योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी और फीडबैक लिया।
झलमला और सहसपुर लोहारा में आयोजित कार्यक्रमों में स्वास्थ्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री टी.एस. सिंहदेव, वन मंत्री व कवर्धा के विधायक मोहम्मद अकबर और पंडरिया की विधायक ममता चंद्राकर भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने सहसपुर लोहारा में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विकास के लिए कई सौगातें दीं। उन्होंने जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने के साथ ही झलमला में नया ग्राम पंचायत भवन, झलमला के हाईस्कूल और कन्या आश्रम में बाउंड्री-वॉल निर्माण, झलमला में मंदिर से लेकर आंगनबाड़ी भवन तक और टॉवर से लेकर हाईस्कूल भवन तक सी.सी. रोड निर्माण, रेंगाखार, चिल्फी, पोंडी और नगर पंचायत पिपरिया में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, बोइरकछरा से गंडईखुर्द तक मार्ग निर्माण, कवर्धा पोड़ी मुख्य मार्ग से परसहा गाड़ाघाट तक सड़क निर्माण कराने की घोषणा की।
इसी तरह कुसुमघटा से बोइरकछरा मार्ग में फोक नदी पर उच्चस्तरीय पुल, ग्राम सहसपुर लोहारा ब्लॉक सहसपुर लोहारा पथरा पुल, मरपा पुल निर्माण, वार्ड नंबर 09 में नया तालाब का सौंदर्यीकरण, वार्ड 2-3 में मुक्तिधाम से बासीनझोरी सड़क एवं पुलिया निर्माण, वार्ड 11 में मुक्तिधाम के उन्नयन की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने उड़ियाखुर्द से कौहारी मार्ग पुल-पुलिया सहित ग्राम खोलवा से ग्राम कुम्हारी सिंघनपुरी तक सड़क निर्माण, ग्राम घुघरी से ग्राम मरपा तक सड़क निर्माण तथा 240 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा के लिए घटोला जलाशय के निर्माण की भी घोषणा की।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
