- सड़कों पर गड्ढे, उड़ती धूल और कचरे के जगह-जगह ढेर से उठती सड़ांध से शहरवासियों को कब मिलेगी निजात
- शहर में चल रहे स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ रही
द सीजी न्यूज
कल विद्यापीठ स्कूल के गेट के सामने नगर निगम द्वारा कचरा डंप करने की शर्मनाक तस्वीर देखने के बाद एक और तस्वीर देखिये। ये तस्वीर चीफ मेडिकल आफिसर के कक्ष के पीछे की है।
जिस मर्चुरी में पोस्टमार्टम होता है, उसके ठीक सामने का ये नजारा है।
फिजियोथेरेपी सेंटर और टीबी अस्पताल के ठीक बगल में खाली पड़ी जमीन पर कचरा डंप हो रहा है। सुबह सवा दस बजे जिस समय यह तस्वीर ली गई, उस वक्त यहां पांच कचरा रिक्शा से कूड़ा करकट डंप किया जा रहा था। यानी, नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल परिसर में गंदगी फैला रहा था। जिस जगह ( हास्पिटल परिसर ) को सबसे ज्यादा साफ सुथरा होना चाहिए, उसे दुर्ग नगर निगम ने ओपन एसएलआरएम सेंटर बना दिया।
बड़ी दिक्कत ये है कि जिस नगर निगम को गंदगी साफ करने की जिम्मेदारी दी गई है, उसी निगम द्वारा गंदगी फैलाई जा रही है।
शहर के कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने दो माह पहले इसी जगह पर 24 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण करने अफसरों के साथ स्थल निरीक्षण किया था। चीफ मेडिकल आफिसर डॉ प्रकाश मेश्राम सहित कई डॉक्टरों के साथ यहां केयर यूनिट स्थापित करने की विस्तार से चर्चा की गई थी। आज उसी जगह पर नगर निगम का स्वास्थ्य अमला कचरा डंप कर रहा है।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग का अमला जिस तरीके से स्कूल या अस्पताल परिसर में कचरा फैला रहा है, उससे हैरत हो रही है। ये स्वास्थ्य विभाग है या गंदगी फैलाने वाला तंत्र ? जिस परिसर में कचरे का एक टुकड़ा भी नहीं होना चाहिए, वहां अधोषित तरीके से एसएलआरएम सेंटर बना दिया गया है। वो भी खुला एसएलआरएम सेंटर।
शर्मनाक … सचमुच शर्मनाक … जिम्मेदारों को शर्म कब आएगी ???
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
