द सीजी न्यूज
राजनांदगांव / संभागायुक्त महादेव कावरे ने राजनांदगांव जिले के राजस्व कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजनांदगांव, तहसील कार्यालय राजनांदगांव और डोंगरगढ़ अनुविभाग अन्तर्गत कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़, तहसीलदार डोंगरगढ़ का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में 98 प्रकरण लंबित पाए गए और तहसील कार्यालय राजनांदगांव अन्तर्गत न्यायालय तहसीलदार व नायब तहसीलदार राजनांदगांव, नायब तहसीलदार घुमका में कुल 637 प्रकरण लंबित पाए जाने पर प्रकरण के निराकरण में तेजी लाए जाने के निर्देश अरूण वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजनांदगांव को दिए।
अनुविभाग डोंगरगढ़ अन्तर्गत न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ में कुल 160 प्रकरण, न्यायालय तहसीलदार डोंगरगढ़ में कुल 659 प्रकरण लंबित पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और प्रकरण का निराकरण समयावधि में किए जाने के स्पष्ट निर्देश दिए। संभागायुक्त के निरीक्षण के दौरान न्यायालय नायब तहसीलदार डोंगरगढ़ में प्रकरणों के अवलोकन के दौरान न्यायालयीन प्रकरण ऑनलाईन दर्ज नहीं होने पर कर्मचारी संजीव कुमार यादव, सहायक ग्रेड 3 को तत्काल निलंबित किया गया। संबंधित नायब तहसीलदार डोंगरगढ़ विजय साहू को कारण बताओ नोटिस थमाया।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त अधिवक्ताओं से न्यायालय प्रक्रिया एवं निराकरण के संबंध में चर्चा की, जिस पर अधिवक्ताओं ने न्यायालय प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया पर संतुष्टता व्यक्त की और न्यायालय परिसर में बैठक व्यवस्था के संबंध मे चर्चा की। अधिवक्ताओं ने संभागायुक्त को इस प्रकार की चर्चा के लिए प्रसन्नता जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
रिकॉर्ड अपडेट न पाए जाने पर कर्मचारी की रोकी वेतन वृद्धि
संभागायुक्त महादेव कावरे ने तहसील कार्यालय के विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उनके द्वारा कार्यालय में संधारित किए जाने वाले पंजियों जैसे कोटवारी पंजी, कैश बुक वर्गीकरण पंजी का अवलोकन किया गया। न्यायालय डोंगरगढ़ के कानूनगो शाखा में सर्किल नोट बुक का संधारण न पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और 15 दिवस के भीतर इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। तहसील कार्यालय डोंगरगढ़ में कैशबुक अपडेट न पाए जाने पर संबंधित लिपिक बृजेन्द्र कुमार सोनी, सहायक ग्रेड-2 की वेतन वृद्धि रोकी गई।
नगर तथा ग्राम निवेश एवं रोजगार कार्यालय में अनुपस्थितों को थमाया कारण बताओ नोटिस
संभागायुक्त के सुबह 10:30 बजे नगर तथा ग्राम निवेश कार्यालय पहुँचने पर कर्मचारियों में अचानक अफरा-तफरी मच गई। नगर तथा ग्राम निवेश कार्यालय राजनांदगांव में कुल 6 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जिन्हें तत्काल कारण बताओ सूचना थमाया गया। कावरे ने रोजगार कार्यालय पहुंचकर विभाग द्वारा लगाए जा रहे प्लेसमंट कैंप के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। साथ ही विभिन्न कंपनियों, कार्यालयों में रोजगार प्रदाय हेतु समय-समय पर विशेष कैम्प लगाए जाने के निर्देश दिए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम की पंजी के नियमित संधारण के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

