द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ में प्रदूषण कम करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसानों से पराली न जलाने की अपील कर रहे हैं, वहीं दुर्ग नगर निगम प्रशासन सीएम के फरमान और अपील को दरकिनार करते हुए कचरा जला रहा है। पोटिया के ट्रेंचिंग ग्राउंड में भरे कचरे के अंबार में आग लगाकर कचरा जलाया जा रहा है। गजब ये है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड का कचरा प्रबंधन करने नगरीय प्रशासन विभाग ने प्राइवेट एजेंसी को करीब 6 करोड़ का ठेका दिया है। कचरे की छंटाई से लेकर इससे खाद बनाने और कचरे का उचित ढंग से निष्पादन करने की बजाय यहां आग लगाकर कचरे का निष्पादन किया जा रहा है।
यानी हींग लगेगी, न फिटकरी, एजेंसी के अकाउंट में करोड़ों रुपए जमा हो जाएंगे। नगर निगम के अफसरों को इसकी एवज में मोटी रकम मिल जाएगी। और दुर्ग की जनता को मिलेगी प्रदूषित हवा … और इससे होने वाली बीमारिंयां …
सचमुच … गजब का प्रशासन तंत्र है दुर्ग में …
करीब एक सप्ताह पहले का वीडियो देखिये, स्थानीय नागरिकों ने आज दोपहर में बताया कि आज तक कचरे के ढेर से धुआं निकलता रहा। हालांकि पहले की तुलना में काफी कम धुआं निकल रहा है।
नगर निगम का यह गजब का कचरा प्रबंधन है। पैसा नगर निगम देगा और माचिस की एक तीली से आग लगाकर एजेंसी हजारों टन कचरे का प्रबंधन कर लेगी। पिछले दिनों ऐसी ही आग लगाई गई जिसके बाद आसपास की दर्जन भर से ज्यादा पॉश कालोनियों में धुआं फैलता रहा। शिकायत भी की गई, लेकिन कोई असर नहीं।
पोटिया के ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरे का अंबार कई साल से जमा किया जा रहा है। इसका प्रबंधन करने पहले कचरे से खाद बनाने की मशीन खरीदी गई। यह मशीन अक्सर बिगड़ी हालत में रही। बाद में लाखों रुपए खर्च कर खाद बनाने की एक और यूनिट तैयार की गई। पिछले 15 साल के नगर निगमों के कार्यकाल में हुई लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण दोनों यूनिट का भट्ठा बैठ गया। अब बाकायदा एक एजेंसी को कचरा प्रबंधन करने करोड़ों का ठेका दिया गया है। एजेंसी को मशीन लगाकर कचरे का प्रबंधन करना है, लेकिन आग लगाकर कचरे का ढेर खत्म किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार कचरा प्रबंधन का ठेका राजधानी रायपुर में नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा किया गया है। एजेंसी को वर्कआर्डर भी वहीं से दिया गया है। यहां के अधिकारियों को केवल मॉनिटरिंग करनी है। लेकिन इसमें भी खेला हो रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
