द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रायपुर जिले के तिल्दा विकासखण्ड के रायखेड़ा में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के 77 वें राज अधिवेशन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि समाज के विकास में सबकी भागीदारी जरूरी है। इससे समाज में एकता और संगठन का विकास होता है। सभी के एक होने से समाज में सामाजिक समरसता का विकास होगा। समाज के बिना हम सब अधूरे हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि संगठित समाज ही विकास की धारा में आगे बढ़ता है। मुख्यमंत्री ने रायखेडा के बंधवा तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपए, ग्राम रायखेड़ा से देवगांव के लिए 4 किलोमीटर सड़क निर्माण और गांव में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार द्वारा सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को इस वर्ष दीवाली के पूर्व तीसरी किश्त का भुगतान किया गया। आगामी 31 मार्च को चौथी किश्त का भुगतान कर दिया जाएगा। सरकार अन्नदाताओं को उनकी उपज का सही दाम दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 9 हजार रुपए की इनपुट सब्सिडी दी जा रही है। गौठान योजना के माध्यम से ग्रामीणों को लाभ दिलाया जा रहा है। पशुपालकों को भी लाभ दिलाने के लिए गोबर की खरीदी की जा रही। गौठनों में वर्मी कंपोस्ट बनाया जा रहा है। किसान इसका अधिक से अधिक उपयोग करे। इससे मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ ही फसल की गुणवत्ता में वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार सभी समाज के लोगों को साथ लेकर विकास की राह में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना का स्वप्न देखने वाले पुरखों ने छत्तीसगढ़ के विकास की जो कल्पना संजोई थी, सरकार उन सपनों को साकार करने का काम कर रही है। राज्य की सांस्कृतिक विरासत को सहेज रही है। छत्तीसगढ़ियों का अपना स्वाभिमान होता है। सरकार ने इस स्वाभिमान को बढ़ाने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गोधन योजना से रोजगार और आय के नए स्त्रोत प्रारंभ हुए हैं। गोबर बेचकर लोग लाभ कमा रहे हैं। महिला समूह आत्मनिर्भर बन रही हैं। प्रदेश में सभी विकासखंडों में रीपा स्थापित किया जा रहा है। इसके स्थापित होने से गांव के युवाओं को रोजगार मिलेगा। इससे प्रदेश के लोगों के लिए आमदनी के जरिए का सृजन होगा और आत्मनिर्भर प्रदेश का निर्माण होगा। उन्होंने कार्यक्रम में 12 प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक धरसींवा अनिता योगेंद्र शर्मा, मनवा कुर्मी समाज के केंद्रीय अध्यक्ष चोवाराम वर्मा, पूर्व सांसद राज्यसभा छाया वर्मा, समस्त राज्य प्रधान गण व केंद्रीय पदाधिकारी गण, संरक्षक व पूर्व विधायक जनक राम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर डोमेश्वरी वर्मा, अध्यक्ष जनपद पंचायत तिल्दा सुमन देवव्रत नायक, सरपंच ग्राम पंचायत रायखेड़ा सुकबती संतोष कुर्रे सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
