द सीजी न्यूज
दुर्ग / आज कलेक्टर जनदर्शन में हरि नगर कातुलबोड वार्ड 59 में स्थित रजत होम्स अर्पाटमेंट में फ्लैट लेने वाले निवासियों ने बिल्डर की लापरवाही की शिकायत की। उन्होंने बताया कि बिल्डर द्वारा मानक मापदण्डों का पालन नहीं किया गया है। अर्पाटमेंट में बिजली, पानी, लिफ्ट, अग्निशमन और सिक्युरिटी से संबंधित बुनियादी सुविधाओं भी नहीं है। एक ब्लॉक में दो लिफ्ट की जगह केवल एक ही लिफ्ट उपलब्ध कराई गई है। इसकी पैसेंजर क्षमता भी काफी कम है और लिफ्ट भी अधिकतर बंद रहती है।
रजत होम्स में 162 फ्लैट्स और 22 पेन्ट हाऊस उपलब्ध है, जिसके लिए केवल एक बोरवेल की सुविधा है। एग्रीमेंट के अनुसार प्रत्येक ब्लाक के लिए अलग-अलग बोर तय किया गया है। एंट्री और एक्जिट गेट का निर्माण सही तरीके से नहीं किया गया है। प्रोजेक्ट का एक बड़ा हिस्सा अधूरा है। बुनियादी सुविधा पानी, बिजली और गार्ड की अनियमितता के चलते संचालक से समिति गठन को लेकर भी बात की गई, लेकिन संचालक द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रदान नहीं किया जा रहा है। रजत होम्स के निवासियों ने कलेक्टर से न्याय दिलानी की अपील की है।कलेक्टर ने नगर निगम के आयुक्त लोकेश चंद्राकर को कॉलोनाइजर को नोटिस देकर सभी कार्य पूर्ण करने और निवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने कहा है। कलेक्टर ने निर्धारित समय के भीतर संचालक ने अगर कार्य नहीं कराया तो नियमानुसार कारवाई करने के निर्देश दिए।
इसी तरह अग्रसेन चौक पर डॉ. चौबे नर्सिंग होम के बगल में स्थित फूड जोन व अस्थाई दुकान द्वारा बिजली चोरी कर अन्य दुकानों को भी गैर कानूनी रूप से बिजली सप्लाई की शिकायत भी की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि फूड जोन व अस्थाई दुकानों द्वारा गैर कानूनी तरीके से सप्लाई की जानी वाली बिजली के लिए मिलीभगत कर 1 मीटर कनेक्शन लेकर इससे कई दुकानदारों को बिजली मुहैया कराई जा रही है।मुख्य रूप से शाम 6 बजे से संचालित होने वाले अस्थाई ठेलों को गैर कानूनी तरीके से बिजली उपलब्ध कराई जाती है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।
प्रदीप्ति नगर सड़क नंबर 4 दुर्ग में स्थित वृंदावन टावर अपार्टमेंट से होने वाली जल निकासी के कारण आसपास के रिहायशी मकानों को परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि अपार्टमेंट से निकलने वाला गंदे पानी के ड्रेनेज की उचित व्यवस्था नहीं है। बदबू से लोग परेशान हैं। वार्ड पार्षद और वृंदावन सोसायटी को जानकारी देने के बावजूद उचित समाधान नहीं किया गया है। आवेदक ने बताया कि वो दिव्यांग है और दृष्टिबाधित की श्रेणी में आती है। उसकी दिव्यांगता को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निराकरण किया जाना चाहिए। कलेक्टर ने नगर निगम भिलाई के आयुक्त रोहित व्यास को आवेदन प्रेषित करते हुए उचित कार्रवाई करने कहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

