द सीजी न्यूज
राज्य शासन से तालाब सौंदर्यीकरण व सफाई कार्य के लिए 4 करोड़ रुपए मिलने के बावजूद अब तक काम शुरू न होने पर वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने नाराजगी जताई है। वोरा ने नगर निगम के अधिकारियों से कहा है कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लेटलतीफी न करें। शहर में जनहित के लिए राज्य शासन से करोड़ों रुपए की स्वीकृति दिलाई जा रही है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से इसका लाभ आम जनता को नहीं मिल रहा है।
वोरा आज रात कैलाश नगर में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन करने गए थे। इसी दौरान वार्ड 19 कैलाश नगर की महिलाओं ने वोरा से तालाब की सफाई न होने की शिकायत की। महिलाओं ने कहा कि तालाब की सफाई तत्काल होनी चाहिए। गंदा पानी होने के कारण निस्तारी के दौरान लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वोरा ने आश्वस्त करते हुए कहा कि नागरिकों की शिकायत का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
वोरा ने निगम कमिश्नर से कहा है कि कैलाश नगर तालाब में 6 वार्डों के लोग निस्तारी करने आते हैं। इसी तरह अन्य तालाबों में भी कई वार्डों के लोग निस्तारी करते हैं। इन तालाबों की सफाई का काम तत्काल किया जाना चाहिए। वोरा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि निगम अधिकारी तत्परता से सभी तालाबों में सफाई और सौंदर्यीकरण सहित अन्य विकास कार्य कराएं। विकास कार्यों में इस तरह की शिकायत नहीं आनी चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
