द सीजी न्यूज
राजनांदगांव / कलेक्टर डोमन सिंह की दूरदर्शिता और सामाजिक सरोकार की दिशा में दूरगामी सोच के कारण जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों और स्कूलों के लिए दान में स्मार्ट टीवी लगातार मिल रहे हैं। एबीस ग्रुप के अंजुम अली ने जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 100 नग स्मार्ट टीवी दान में देने का संकल्प लिया है। उन्होंने आज कलेक्टर और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व सरपंचों की उपस्थिति में डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत दीवानभेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए 12 नग स्मार्ट टीवी दान में दिए।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर ने कहा कि जिले के समाजिक संगठन, व्यापारिक संगठन के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों द्वारा आपसी सहभागिता से सामाजिक सरोकार की दिशा में अपना योगदान दे रहे हैं। आज जो स्मार्ट टीवी आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए दान में मिले हैं, वह बच्चों के शिक्षा, संस्कार व भविष्य गढऩे के साथ-साथ समाज के निर्माण की दिशा में ब्रम्हास्त्र का कार्य करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई चिराग नहीं है। प्रारंभिक स्तर पर ही हम आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को मजबूती के साथ शिक्षा व संस्कारित करेंगे तो आने वाला भविष्य सुदृढ़ होने के साथ-साथ मजबूती के साथ समाज को एक दिशा दिखाने का कार्य करेगा। जिले के शत-प्रतिशत स्कूलों के लिए स्मार्ट टीवी दान में मिले हैं। इसी पहल पर अभी तक जिले के 200 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्मार्ट टीवी दान में मिल चुके हैं। एबीस ग्रुप द्वारा सामाजिक सरोकार की दिशा में बढ़ाया गया कदम समाज को प्रेरित करेगा।
एबीस ग्रुप के अंजुम अलवी ने कहा कि कलेक्टर की पहल पर उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्मार्ट टीवी दान देने की प्रेरणा मिली है। समाज के विकास और कल्याण के लिए हम सबको अपनी भागीदारी देनी चाहिए। इस मौके पर एबीस ग्रुप के मैनेजर ने स्वयं के अनुदान पर पांच स्मार्ट टीवी देने का संकल्प लिया। ग्राम पंचायत दीवानभेड़ी के आसपास के 12 सरपंचों की उपस्थिति में स्मार्ट टीवी प्रदान किया गया।
स्मार्ट टीवी को आंगनबाड़ी केंद्रों में लगाया जाएगा। स्मार्ट टीवी के माध्यम से बच्चों को उच्च गुणवत्ता के साथ पढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि शिक्षा जीवन का मूल आधार है। इस बात को समझते हुए कलेक्टर के प्रयासों से आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्मार्ट टीवी की व्यवस्था की जा रही है। यह सहभागिता समाज के विकास में मददगार साबित होगा। इस अवसर पर एसडीएम सुनील नायक, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग गुरप्रीत कौर सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

