- देश भर से प्रख्यात गायक और कलाकार देंगे 1 से 3 जून तक रामायण प्रस्तुति
द सीजी न्यूज
देश में रामकथा के प्रख्यात प्रस्तुतकर्ता कुमार विश्वास रायगढ़ में राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में रामकथा प्रस्तुत करेंगे। प्रख्यात कवि कुमार विश्वास की पहचान मूलतः कवि के रूप में रही है, लेकिन विगत कुछ वर्षों से उन्होंने अपनी प्रस्तुति के विशिष्ट अंदाज में रामकथा प्रस्तुत कर भक्तजनों का मन मोह लिया है। इसी तरह अपनी मधुर आवाज और लोकगीतों में अद्भुत पकड़ के चलते मैथिली ठाकुर का गायन भी बहुत लोकप्रिय रहा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश में प्रचलित रामकथा का अस्वादन अधिकतम लोग कर सकें। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव मूलतः रामकथा के अरण्य कांड पर केंद्रित है। युवा वर्ग और संगीत प्रेमियों में इंडियन आइडल फेम शंमुख प्रिया बहुत चर्चित रही हैं। रायगढ़ में श्रोताओं के पास उन्हें सुनने के लिए विपुल समय होगा और वे तन्मयता से उनसे श्रीराम के चरित पर सुमधुर गीत सुन सकेंगे। सारेगामा फेम शरद शर्मा की खास प्रस्तुति भी दर्शकों के लिए होगी। मशहूर गायक हंसराज रघुवंशी और लखबीर सिंह लक्खा के भजनों से लोगों के दिन की सुंदर शुरूआत होती है। उन्हें प्रत्यक्ष रूप से सुनने का मौका इस महोत्सव में मिलेगा।
महोत्सव में दक्षिण पूर्वी एशियाई द्वीपों के दलों की प्रस्तुति होगी। रामकथा इन द्वीपों के मानस में गहराई से बसी हुई है और इनका नृत्य गायन बहुत कुछ रामलीला पर आधारित है। किस प्रकार श्रीराम की कथा इन द्वीपों में फैली। इनकी सामूहिक स्मृति का हिस्सा बनी। इनके धरोहरों में अंकित हुई। इन सबकी समझ और इसकी सुंदरता की गहराई दर्शक राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में जान सकेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
