द सीजी न्यूज
भिलाई। डॉ आंबेडकर स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ के सौजन्य से ज्ञान ज्योति विद्यालय उरला दुर्ग में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 300 बच्चों के अलावा पालकों, शिक्षकों व अन्य लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के अलावा बच्चों और अभिभावकों के अलावा शिक्षकों को हैंड हाइजीन, ओरल हाइजीन, प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी दी गई। बताया गया कि चोट लगने और जलने पर क्या करें और क्या न करें। कार्डियो रेस्पिरेटरी रिससिटेशन (सीपीआर) का प्रदर्शन भी किया गया। अचानक हृदय गति बंद हो जाने पर मरीज को श्वास देने और उसके दिल की धड़कन को चालू करने का प्रयोगात्मक प्रदर्शन विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया।
चाईल्ड स्पेशलिस्ट डॉ रितेश वाल्मीकि ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैगी नूडल्स और अन्य पैकेट फूड खाने से बचें और अपने भोजन में दूध, अंडा, पनीर और साग-सब्जी का उपयोग करें। वरिष्ठ दंत रोग चिकित्सक डॉ. भूषण भोईर ने ब्रश करने का तरीका बताया और दोनों समय दांतों की सफाई पर जोर दिया। डेंटिस्ट डॉ धर्मेंद्र कुमार ने लगातार चुइंगम और चॉकलेट खाने की आदत से बचने की सलाह दी। इससे दांत खराब होने के संभावना ज्यादा होती है।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ अशोक कुमार ने मोबाइल और टीवी के सीमित उपयोग पर जोर दिया। डॉ गिरीश उमरेडकर ने नाक कान और गले की जांच भी की और और इन अंगों की स्वच्छता का महत्व बताया। डॉ अरविंद चौधरी ने बच्चों की जांच के साथ-साथ त्वचा की देखभाल-स्वच्छता और रोगों के प्रति बचाव की प्रक्रिया बताई। वरिष्ठ दंत रोग विशेषज्ञ डॉ एन एल बंजारे शिशु रोग विशेषज्ञ ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को अगर घर का खाना खिलाया जाए और और परिवार के लोग उनसे बात करते रहें तो बच्चों का मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य अच्छा रहता है।
प्रेरणा धाबर्डे ने महिमा हॉस्पिटल की टीम के साथ सभी बच्चों ,अभिभावकों और शिक्षकों की ऊंचाई और वजन का माप लिया और सभी का ब्लड ग्रुप जांचने में सहयोग किया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ उदय धाबर्डे ने किया। ज्ञान ज्योति विद्यालय के प्रिंसिपल और टीचर ने सभी चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह देखकर सम्मानित किया और इस मानवीय सेवा का लिए आभार व्यक्त किया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



