द सीजी न्यूज
- आईआईटी, सोलर पॉवर प्लांट, ईएसआईसी हॉस्पिटल के बाद चौथी बड़ी सौगात
- पूरे देश में सैकड़ों रेल्वे स्टेशन और अंडर ब्रिजों का हुआ भूमि पूजन और लोकार्पण;
- प्रधानमंत्री मोदी ने 41,000 करोड़ के 2000 से अधिक रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन कर राष्ट्र को किया समर्पित
- अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 553 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी
- प्रधानमंत्री ने छतीसगढ़ राज्य में लगभग 2700 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत स्टेशन के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे 21 स्टेशनों का शिलान्यास तथा 83 रोड ओवर ब्रिज/रोड अंडर ब्रिज का शिलान्यास और राष्ट्र को किया समर्पित
दुर्ग/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को दोपहर 12ः30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 41 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि के लगभग 2 हजार रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन कर राष्ट्र को समर्पित किया। आज प्रधानमंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 553 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास किया। 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्थित इन स्टेशनों का 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। ये स्टेशन शहर के दोनों किनारों को एक साथ मिलाते हुए ’शहर के केंद्र’ के रूप में कार्य करेंगे। इन स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध होगी। इनमें छत प्लाजा, सुंदर भूदृश्य, इंटर मॉडल कनेक्टिविटी, बेहतर आधुनिक फेकेड, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, कियोस्क, फूड कोर्ट आदि शामिल हैं। इन्हें पर्यावरण और दिव्यांगों के अनुकूल पुनर्विकसित किया जाएगा। इन स्टेशन भवनों का डिजाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा।
प्रधानमंत्री ने 1500 रोड ओवरब्रिज और अंडरपास का शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित किया। ये रोड ओवरब्रिज और अंडरपास 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में स्थित हैं। लगभग 21 हजार पांच सौ बीस करोड़ रुपये की लागत से इन परियोजनाओं का निर्माण किया गया है। इन परियोजनाओं से भीड़ कम होगी, सुरक्षा व कनेक्टिविटी बढ़ेगी और रेल यात्रा की क्षमता व दक्षता में सुधार होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों द्वारा छतीसगढ़ राज्य में लगभग 2700 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत स्टेशन का शिलान्यास तथा रोड ओवर ब्रिज/रोड अंडर ब्रिज का शिलान्यास/लोकार्पण किया गया। उन्होंने पुनर्विकसित किए जा रहे 21 स्टेशनों और 83 रोड ओवर ब्रिज/रोड अंडर ब्रिज का शिलान्यास व लोकार्पण किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश के शामिल 17 स्टेशनों में कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव, सरोना, भाटापारा, डोंगरगढ़, भिलाईनगर, हथबंध, बिल्हा, बैकुंठपुर रोड, अम्बिकापुर, उसलापुर, पेंड्रारोड, जांजगीर नैला, चांपा, बाराद्वार, दल्लीराजहरा, भानुप्रतापपुर, निपनिया, मंदिरहसौद और भिलाई स्टेशन शामिल है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर देश की जनता को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि हम बड़े सपने देखते है और उन्हें पूरा करने के लिए दिन रात एक कर देते है। यही संकल्प इस विकसित भारत, विकसित रेल्वे कार्यक्रम में दिख रहा है। उन्होंने देश भर से कार्यक्रम में जुड़े सभी लोगों का अभिनंदन किया। उन्होंने सभी राज्यों के़े राज्यपाल व मुख्यमंत्री गणों को, केंद्र व राज्य सरकारों के समस्त मंत्रीगणों को, विधायकों और गणमान्य नागरिकों को व 500 से अधिक रेल्वे स्टेशनों और डेढ़ हजार से ज्यादा दूसरी जगहों से जुड़े सभी लोगों को शिलान्यास कार्यक्रम की बधाई व शुभकामनाएं दी।
पीएम मोदी ने 2 हजार से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने 27 राज्यों के लगभग 300 से अधिक जिलों में 550 से अधिक रेल्वे स्टेशनों के कायाकल्प का शिलान्यास किया। इन परिजनाओं का उद्देश्य देश के युवाओं को लाभ पंहुचाना है। इससे लाखों नौजवानों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। अमृत भारत स्टेशन विरासत और विकास दोनों के प्रतीक होंगे। पीएम मोदी ने उड़ीसा, तमिलनाडु, गुजरात व अन्य रेल्वे स्टेशनों की अधोसंरचना का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि इन्हीं स्टेशनों की तरह अमृत भारत रेल्वे स्टेशन उस शहर की विशेषता से दुनिया को परिचित कराएगा। इन स्टेशनों के निर्माण में दिव्यांग व बुजुर्गो की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। 1 दशक पहले रेल्वे की सुविधा सिर्फ पैसे वाले लोग ही उठा सकते हैं। ऐसी धारणा थी, लेकिन आज मध्यम व गरीब वर्ग में आने वाले लोग भी इसका लाभ ले रहे हैं। पिछले दस वर्ष में रेल्वे में तेजी से विकास हुआ है।
कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल ने उपस्थित रेल्वे विभाग के सभी अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों शिलान्यास कार्यक्रम की बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने दुर्ग जिले के निवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने रेलवे परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था की सराहना की और लोगों को सफाई बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने विगत दिनों में दुर्ग में हुए विकास कार्यों के लिए भी प्रधानमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विधायक गजेन्द्र यादव, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, सीएसपी चिराग जैन, डीआरएम व रेलवे के समस्त अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।
लोकार्पण एवं शिलान्यास
26 फरवरी सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन परियोजना के तहत देश के 554 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प और 1500 से अधिक रेलवे ओवर ब्रिज अंडरब्रिज का शिलान्यास व लोकार्पण वर्चुअल माध्यम से किया गया। इसी कड़ी में दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में दो स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। दुर्ग रेलवे स्टेशन में प्लेटफार्म नंबर 1 पर रायपुर की दिशा में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। जिसमें कार्यक्रम प्रभारी राजेन्द्र कुमार पाध्ये सहित भाजपा कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद रहे।
दुर्ग विधानसभा में दूसरा कार्यक्रम उरला रेलवे क्रॉसिंग में सिद्धेश्वर मंदिर के पास बघेरा ओवरब्रिज शिलान्यास और उरला अंडरब्रिज का शिलान्यास रखा गया। इसमें कार्यक्रम प्रभारी कांतिलाल जैन सहित भाजपा कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। उन्हे सांसद विजय बघेल द्वारा पुरस्कृत किया गया। स्कूलों में निबंध, ड्रांइग, भाषण, कविता पाठ व यात्रा वृतांत प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किया गया। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में रसमडा रेलवे स्टेशन के पास दुर्ग की दिशा में अंडरब्रिज शिलान्यास का कार्यक्रम संपन्न हुआ। पाटन विधानसभा क्षेत्र में कुम्हारी के पास ग्राम कुगदा में अंडरब्रिज शिलान्यास का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal