Breaking News

पीएम नरेंद्र मोदी नेे 554 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों और 1500 रेल फ्लाईओवर व अंडरपास निर्माण कार्यों का किया वर्चुअल उद्घाटन व शिलान्यास

  • राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन कार्यक्रम में हुए शामिल
  • भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती रेल नेटवर्क प्रणाली है – राज्यपाल

द सीजी न्यूज

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 554 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों और 1500 फ्लाईओवर और अंडर पास निर्माण कार्यो का उद्घाटन व शिलान्यास वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इनमें 2700 करोड़ रुपये की लागत से छत्तीसगढ़ के 21 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास और 83 रोड ओवरब्रिज व अंडरब्रिज का निर्माण भी शामिल हैं। इस अवसर पर रायपुर रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रायपुर सुनील सोनी उपस्थित थे।

राज्यपाल श्री विश्व भूषण हरिचंदन कार्यक्रम में हुए शामिल

राज्यपाल श्री विश्व भूषण हरिचंदन कार्यक्रम में हुए शामिल

इस अवसर पर राज्यपाल हरिचंदन अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बदलाव की नई इबारत लिख रहा है और भारतीय रेलवे भी अपने कायाकल्प के स्वर्णिम दौर से गुजर रहा है। बीते वर्षों में इन्फ्रास्ट्रक्चर निर्माण पर दिए गए विशेष जोर के ही कारण आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती रेल नेटवर्क प्रणाली है।

राज्यपाल श्री विश्व भूषण हरिचंदन कार्यक्रम में हुए शामिल

राज्यपाल ने कहा कि इस वर्ष के रेल बजट में हमारे राज्य को केंद्र सरकार द्वारा 6 हजार 896 करोड़ से अधिक का बजट आवंटित किया गया है। यह वर्ष 2009 से वर्ष 2014 के बीच दिए गए औसतन बजट के मुकाबले 22 गुना है। दुर्ग एवं रायपुर दोनों स्टेशनों को पुनर्विकसित कर विश्वस्तरीय बनाने की योजना है। राज्य में वन्दे भारत ट्रेन भी चल रही हैं। राज्य में रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प का जो अभियान चल रहा है उसके अंतर्गत 32 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य तीव्र गति से चालू है।

राज्यपाल ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि छत्तीसगढ़ का रेल नेटवर्क 100 फीसदी विद्युतीकृत हो चुका है। राज्य में बीते 10 वर्षों में प्रतिवर्ष औसतन 162 किलोमीटर रेल नेटवर्क का विस्तार हुआ जो कि वर्ष 2009 से 2014 की तुलना में कई गुणा ज्यादा है। इसके अतिरिक्त आनेवाले 3 से 5 साल में छत्तीसगढ़ में 36 हजार 968 करोड़ रुपए उन्नयन के लिये खर्च किये जाएंगे।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 41 हजार करोड़ रुपए लागत की रिकॉर्ड 2000 से अधिक रेल परियोजनाओं की देशवासियों को सौगात दी है। यह इतना आसान नहीं था, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा रेलवे में किए गए रिकॉर्ड निवेश के कारण आज हम सब इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए किये जा रहे कार्यो का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नये रोड ओवर ब्रिज और अंडर ब्रिज बनाये जाने से छत्तीसगढ़ राज्य में सड़क एवं रेल परिवहन और भी अधिक सुगम, सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संचालित होगा। रायपुर लोकसभा के सांसद सुनील सोनी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से छोटे से छोटा स्टेशन भी मॉडल स्टेशन बन रहा है। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में वंदे भारत ट्रेन की तरह और भी तेज गति की ट्रेनें चलेंगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्कूली बच्चों के लिए निबंध, कविता, भाषण, प्रतियोगिताएं आयोजित गई थी। इन प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को राज्यपाल नेे पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र  वितरित किए।

गौरतलब है कि इस योजना में छत्तीसगढ़ के 21 रेलवे स्टेशनों को शामिल किया गया है। जिनमें कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव, सरोना, भाटापारा, डोंगरगढ़, भिलाई नगर, हथबंध, बिल्हा, बैकुन्ठपुर रोड, अंबिकापुर, उसलापुर, पेंड्रा रोड, जांजगीर नैला, चांपा, बाराद्वार, दल्लीराजहरा, भानुप्रतापपुर, निपनिया, मंदिरहसौद, भिलाई के स्टेशनों का पुनर्विकास किया जायेगा। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा, दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के जी.एम. आलोक कुमार, रायपुर रेल मंडल के डीआरएम संजीव कुमार सहित जनप्रतिनिधिगण, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक उपस्थित थे।

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!