- शहीद का पार्थिव देह गृह ग्राम जिला बलिया रवाना
- अंतिम संस्कार गृह ग्राम असनवार में होगा
द सीजी न्यूज

दुर्ग / प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने आज भिलाई पहुंचकर शहीद जवान राम आशीष यादव के पार्थिव देह पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होने शहीद जवान के भिलाई स्थित निवास गृह में शहीद राम आशीष की धर्मपत्नी मंजू यादव और पुत्र उपेन्द्र, हर्ष और लाल यादव से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
ज्ञात हो कि विगत दिवस बीजापुर जिले में गश्त के दौरान आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से सीएएफ जवान प्रधान आरक्षक राम आशीष शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर आज दोपहर 12.30 बजे भिलाई लाया गया। भिलाई सेक्टर 2 स्थित निवास पर परिजनों व पड़ोसियों के अंतिम दर्शनार्थ रखा गया। यहां प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, गजेंन्द्र यादव व नागरिकगण समेत आईजी आर.जी. गर्ग, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला व अन्य अधिकारियों ने शहीद जवान के पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहीद जवान राम आशीष का पार्थिव देह अंतिम संस्कार के लिए गृह ग्राम असनवार जिला बलिया उत्तरप्रदेश के लिए रवाना किया गया। शहीद जवान का अंतिम संस्कार गृहग्राम में किया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

