द सीजी न्यूज

दुर्ग। बजट सभा में वरिष्ठ पार्षद नीता जैन ने स्थानीय सरकारों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य वेतन और पेंशन देने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को सामान्य सभा के एजेंडा में रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। दूसरी ओर लोक कर्म प्रभारी अब्दुल गनी ने विकास शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि इससे करीब 15 करोड़ रुपए की आय बढ़ेगी, लेकिन विपक्षी पार्षद इस प्रस्ताव का विरोध कर दिया। दो तिहाई बहुमत न होने के कारण यह प्रस्ताव खारिज हो गया।
एस्ट्रो टर्फ, शिवनाथ रिवर फ्रंट, नगर निगम के नए कार्यालय भवन सहित करोड़ों के विकास कार्य की मंजूरी जरूरी : धीरज बाकलीवाल
नगर निगम दुर्ग की बजट सभा की बैठक में महापौर धीरज बाकलीवाल ने एस्ट्रो टर्फ हाकी खेल मैदान, नगर निगम के नए कार्यालय भवन, शिवनाथ रिवर फ्रंट योजना सहित करोड़ों रुपए के विकास कार्यों को राज्य शासन द्वारा खारिज किये जाने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं और कार्य शहर के लिए बेहद जरूरी हैं। इन कार्यों को राज्य शासन से स्वीकृत कराना जरूरी है। राज्य शासन स्तर पर वे इन कार्यों की स्वीकृति के लिए पहल करेंगे। उन्होंने विपक्ष से भी सहयोग का आव्हान किया। महापौर ने मानदेय बढ़ाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को साधुवाद देते हुए कहा कि कई साल से इसकी मांग के बाद सीएम भूपेश बघेल ने यह मांग पूरी की है।
अन्य धर्मो को भी मिले अंत्येष्टि हेतु दी जाने वाली सहायता का लाभ : अजय वर्मा
अंत्येष्टि के लिए मुफ्त लकड़ी देने की योजना पर चर्चा के दौरान निगम के नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा ने शहर की सर्वधर्म सद्भाव की शानदार मिसाल में एक और अध्याय जोड़ा। अजय ने कहा कि मुस्लिम व ईसाई समुदाय सहित अन्य जाति धर्म के लोग दाह संस्काल नहीं करते हैं बल्कि दफनाते हैं। दाह संस्कार के लिए दी जाने वाली राशि के बराबर राशि कफन दफन के लिए दी जानी चाहिए। ताकि सभी धर्मों के लोगों को इस योजना का फायदा हो सके। इस प्रस्ताव पर सभी पार्षदों ने सहमति जताई।
वर्मा ने बजट की कई खामियों को गिनाने के साथ ही करप्शन के मुद्दे भी उठाए। शहर में अवैध कब्जे की बाढ़, पिछले बजट में किये गए वायदों के अनुरूप मुक्तिधाम विकास योजना, महापौर गुमटी, चार्जिंग स्टेशन, दिव्यांग भवन जैसे कार्य न किये जाने पर महापौर को आड़े हाथों लेते हुए अजय ने शहर हित में बचे 6 माह में समुचित विकास कार्य करने का आव्हान किया।
टाईगर अभी जिंदा है … : अब्दुल गनी
एमआईसी मेंबर लोककर्म प्रभारी अब्दुल गनी ने विपक्षी सदस्यों को जवाब देते हुए कह दिया कि बेवजह के मुद्दे उठाए जा रहे हैं। विकास सतत प्रक्रिया है। विपक्ष के सभी मुद्दों का करारा जवाब देंगे। टाइगर अभी जिंदा है। गनी के इतना कहते ही पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा।
कई मुद्दों पर गरमाया सदन
सदन की कार्रवाई के दौरान सभापति राजेश यादव के कुशल और गरिमामय सभा संचालन की भी जमकर तारीफ हुई। बैठक में गुमटी निर्माण और आवंटन की प्रक्रिया, गौरवपथ निर्माण, डामरीकरण जैसे कार्यों को लेकर विपक्षी भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस को घेरा। वहीं महापौर सहित कांग्रेस पार्षद प्रकाश जोशी ने ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट, धूलमुक्त शहर, बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए महापौर और नगर निगम परिषद को धन्यवाद दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal