द सीजी न्यूज
दुर्ग। लोकसभा चुनाव सिर पर हैं, लेकिन कांग्रेस संगठन में विवाद और आपसी कलह कम होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान भीतरघात और खुलाघात करने का मामला बार-बार तूल पकड़ रहा है। पार्टी से गद्दारी करने वालों को कांग्रेस से बाहर निकालने की मांग जोर पकड़ने लगी है। आज लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए बुलाई गई विशेष बैठक में इसी मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद बैठक शुरू हो पाई।
दुर्ग स्थित राजीव भवन में आज दोपहर डेढ़ बजे बैठक शुरू हुई। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा, दुर्ग से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी राजेंद्र साहू, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर सहित कई प्रमुख नेता मौजूद थे। इसी दौरान पूर्व पार्षद प्रकाश गीते ने बैठक में मौजूद पार्षद मदन जैन और नगर निगम के एमआईसी मेंबर ऋषभ जैन पर विधानसभा चुनाव में पार्टी से गद्दारी करने के तीखे आरोप लगाए। कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजकुमार नारायणी पर भी कांग्रेस पार्टी से गद्दारी करने का आरोप लगाते हुए पार्टी से बाहर करने की मांग की।
गीते ने साफ कहा कि मदन जैन और ऋषभ जैन ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा को हराने का काम खुलकर किया है। इसकी शिकायत भी हुई है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। दोनों को बैठक से बाहर निकाला जाए। इसके बाद ही बैठक शुरू होगी। पूर्व पार्षद गीते को कई कांग्रेसजनों ने समर्थन दिया। नाराज कांग्रेसियों ने साफ कहा कि गद्दारों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कार्रवाई न होने का खामियाजा निष्ठावान कांग्रेसियों को भुगतना पड़ता है।
उन्होंने अनुशासनहीनता और पार्टी से गद्दारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल ने कहा कि लिखित शिकायत करने पर कार्रवाई की जाएगी। लेकिन, गीते लगातार कहते रहे कि पूर्व में शिकायत की गई है। अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। बाद में वरिष्ठ नेता अरुण वोरा ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी को मिलजुलकर चुनाव लड़ने और पार्टी को जिताने की समझाईश दी। वोरा ने साफ कहा कि एक एक सीट महत्वपूर्ण है। दुर्ग लोकसभा चुनाव में जमीनी कार्यकर्ता रहे राजेंद्र साहू को पार्टी ने टिकट दिया है। सभी कांग्रेसजन राजेंद्र साहू को एकजुट होकर विजयी बनाएं। वोरा की समझाईश के बाद मामला शांत हुआ।
मंच पर बैठने का प्रयास कर रहे थे जैन, गीते ने फेंक दी कुर्सी
विवाद शुरू होने से पहले शहर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठने का प्रयास कर रहे एमआईसी मेंबर ऋषभ जैन की कुर्सी को प्रकाश गीते ने दूर फेंक दिया। गुस्साए गीते ने साफ कहा कि वोरा को हराने वाले दोनों नेताओं को बाहर निकालो। कुर्सी फेंके जाने के बाद ऋषभ जैन सामने की दीर्घा में कांग्रेसजनों के साथ बैठ गए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
