- स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन के लिए पुलिस ग्राउण्ड में हुई बसों की जांच
- परिवहन विभाग और यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सयुंक्त रूप से की गई जाँच
- मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान कर 8500 से अधिक शमन शुल्क वसूल किया गया
- खामियों को दूर कर दोबारा चेक कराने निर्देशित किया गया
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एस. एल. लकड़ा, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) सतीश ठाकुर के नेतृत्व में स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन के लिए पुलिस ग्राउण्ड में बसों की जांच की गई। स्कूली छात्र छात्राओं के सुरक्षित परिवहन को ध्यान में रखते हुए रविवार को यातायात पुलिस दुर्ग और परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से पुलिस ग्राउण्ड सेक्टर 6 भिलाई में स्कूल बसों की सरप्राइज जांच की गई।
जिले के 13 स्कूलों के छात्र-छात्राओं में परिवहन करने वाले 151 बसों की जांच की गई। परिवहन विभाग द्वारा सभी स्कूल बसों के दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान वाहन का रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस, बीमा, पीयूसी, रोड टैक्स, वाहन चालक का लायसेंस चेक किया गया। इसके बाद वाहनों के मैकनिकल फिटनेस की जांच की गई। हेड लाईट, ब्रेक लाइट, पार्किंग लाइट, इन्डिकेटर लाइट, बैक लाइट, मीटर, स्टेयरिंग की स्थिति, टायर की स्थिति, क्लच, ऐक्सीलेटर, सीट की स्थिति, हॉर्न की स्थिति, वॉयपर और वाहन में आगे-पीछे रिफ्लेक्टर लगे होने की जांच की गई।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप वाहन में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, स्पीड गवर्नर, प्रेशर हार्न, आपातकालीन खिड़की, स्कूल का नाम, टेलीफोन नंबर, चालक का मोबाइल नंबर, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्कूल बस के आगे पीछे स्कूल बस लिखा होने की जामच भी की गई। परिवहन विभाग द्वारा बिना स्पीड गवर्नर 3, बिना अग्नि शमन 5, बिना वायपर 1, बिना इंडीकेटर 1, बिना कैमरा 1 बस पाई गई। कुल 11 स्कूली बसों पर चालान करते हुए 8500 रुपये शुल्क वसूल किया गया। चेकिंग के दौरान पाई गई खामियों को दूर कर दोबारा चेक कराने कहा गया।
परिवहन निरीक्षक विष्णु ठाकुर द्वारा वाहन चालकों को यातायात संकेत, यातायात सिग्नल के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए वाहन चालन के दौरान लापरवाही न करने, कंडक्टर को दरवाजे पर खड़ा न रहने, स्कूल बच्चों को सुरक्षित उतारने-चढ़ाने और किसी भी प्रकार की नशीली पदार्थ का सेवन न करने हेतु समझाइश दी गई।
वाहन परीक्षण के दौरान परिवहन निरीक्षक अरूणा साहू, उप निरीक्षक परिवहन शशिकांत बंजोर, ज़मील चौहान, हितेश राव, महेन्द्र, कमलेश चंदेल, लोकेश पाटिल, सतेन्द्र सोनी परिवहन विभाग व यातायात पुलिस विभाग से के.बी. नागे निरीक्षक यातायात जोन सिविक सेन्टर, सुशील पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक, आरक्षक तिलक साहू, अनुपम शुक्ला, राकेश साहू, घनाराम निषाद यातायात द्वारा बसों को चेक किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

