द सीजी न्यूज
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आज बालोद जिले के हथौद मैदान से चुनावी सभा को संबोधित किया। कांकेर लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बीरेश ठाकुर के पक्ष में चुनावी सभा में प्रियंका ने कहा कि इस समय शादियां हैं। गर्मी भी बहुत है। फिर भी आप मुझे सुनने आए, इसलिए मैं आभारी हूं। ये प्रदेश आपने मेहनत के बल पर बनाया। यहां प्राकृतिक संसाधन प्रचुर मात्रा में हैं। आज हम अपने जीवन से संघर्ष कर रहे हैं। पैसे कमाते है पर बचता नहीं। सब चीजें महंगी हो गई है। सभा में कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट भी मौजूद रहे।
प्रियंका गांधी ने कहा कि किसानों की हालत आज ऐसी है कि यहां पर कृषि में भी लाभ नहीं दिखता और किसानी में भी जीएसटी लागू है। जब यहां कांग्रेस की सरकार थी तो छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की रक्षा की गई। आदिवासियों की जमीन वापस कराई गई। अब यहां सरकार बदल गई है। सरकार ने गौठान से संबंधित योजनाएं बंद कर दी। इससे रोजगार मिला करता था। भूमिहीनों को पैसा मिलता था, वो भी अब बंद हो गया है। महंगाई चरम पर है।
प्रियंका ने कहा कि सस्ता क्या है ? कौन सी सुविधा नरेंद्र मोदी को सरकार ने बनाई है ? क्या इस तरह से भारत विकसित होगा ? क्या ऐसे में भारत आगे बढ़ पाएगा ? थोड़ा राशन पकड़ा कर कह देते हैं – इसी में खुश रहो। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर हम गरीब परिवार को 1 लाख रुपए सालाना और 25 लाख रुपए तक इलाज देने का वादा चुनावी न्याय पत्र में किया है। आशा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए केंद्र अपना हिस्सा बढ़ाएगी। एमएसपी पर एक कानून बनेगा और खेती के सारे सामान जीएसटी से मुक्त हो जाएंगे। भूमिहीनों को न्यूनतम मजदूरी 400 रुपए दी जाएगी।
मंचों पर 400 पार की बात कहते हुए संविधान बदलने की बात की जा रही है। अगर इनको बहुमत मिला तो ये संविधान बदल देंगे। अधिकारों को छीन लेंगे। क्या ऐसी सरकार चाहिए जो आपके संविधान ही बदल दे। प्रियंका गांधी ने भाजपा पर चुटकी लेते हुए कहा कि दुनिया भर में सबसे बड़े नेता मोदी जी हैं तो रोक ले युद्ध को। मोदी जी बड़े नेता है तो 10 साल में बेरोजगारी क्यों नहीं खत्म कर पाए। ये सरकार केवल बड़े और गिने चुने उद्योगपति मित्रों के लिए चल रही है। उन्होंने उद्योगपतियों के लिए 16 लाख करोड़ का ऋण माफ किया है। आज देश के हाइवे से लेकर एयरपोर्ट तक सब अपने मित्रों को बेच दिया है।
भूपेश बोले – सरकार ने कई योजनाएं बंद कर दी
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद से कई जनहितैषी योजनाओं को बंद कर दिया गया है। शराब की कीमत बढ़ गई। जब से सरकार बनी है, तब से राशन कार्ड बदलने के साथ नमक, चना और चावल की भी कटौती कर दी गई है।
मोदी का अगला टार्गेट संविधान है – बीरेश ठाकुर
कांकेर लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी बीरेश ठाकुर ने कहा कि मैं बालोद का मैं भांचा हूं। न्याय के लिए लड़ने आया हूं। हमने लोकसभा के लिए न्याय की 25 गारंटी दी है। उसे अब पूरा करने का समय है। आप मौका देंगे, तब हम दिल्ली में नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी का अगला टारगेट संविधान है। हम जनता के विश्वास में खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
प्रियंका गांधी से वोरा ने मुलाकात की
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक अरुण वोरा ने आज बालोद में कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत की अग्रिम बधाई भी दी। उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पाली, अजय मिश्रा, त्रिशरण डोंगरे व सुमीत वोरा भी मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



