द सीजी न्यूज
दुर्ग। विधायक गजेंद्र यादव ने दुर्ग शहर के नागरिकों को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है। आम जनता की मांग पर शहर विधायक गजेंद्र यादव के लगभग सभी प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए शासन ने 8.98 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। शहर में 59 स्थानों पर सड़क सीमेंटीकरण, डब्लूबीएम रोड, नाली व पुलिया निर्माण, पेवर ब्लॉक, टाईल्स व डोमशेड निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य किये जाएंगे। शहर में विकास कार्य के लिए लगातार राशि स्वीकृत होने पर दुर्ग की जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रभारी मंत्री के मद से विकास कार्य के लिए 65 लाख की स्वीकृति अलग से दी है।
विधायक गजेंद्र यादव ने कहा कि दुर्ग शहर की जनता ने भाजपा पर भरोसा किया। आम जनता से किये वादों को पूरा किया जा रहा है। विकास कार्य में फंड की कमी नहीं आएगी। साय सरकार के कामकाज से प्रदेश विकास की ओर अग्रसर है।
कच्ची सड़क का होगा सीमेंटीकरण
विकास कार्य के लिए स्वीकृत हुए कार्यों से शहर में सड़कों का जाल बिछेगा। अधोसंरचना मद से दुर्ग निगम क्षेत्र में 59 स्थान पर विकास कार्य के लिए 8 करोड़ 33 लाख स्वीकृत हुए है। इनमें लगभग साढ़े पांच करोड़ से 37 स्थान पर कच्ची सड़क का सीमेंटीकरण किया जाएगा। 10 से अधिक जगहों पर पानी निकासी के लिए नाली व पुलिया निर्माण और नए कॉलोनी में 7 से अधिक कच्चे सड़क पर डब्लूबीएम रोड का निर्माण किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री के मद से होंगे 65 लाख के कार्य
आम जनता से भेंट मुलाकात के दौरान जनता की मांग के अनुरूप विकास कार्य के लिए विधायक गजेंद्र यादव के प्रस्ताव पर सहमति देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रभारी मंत्री मद से दुर्ग शहर विधानसभा में 65 लाख की स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में सांस्कृतिक भवन, सिकोला व पद्मनाभपुर में डोमशेड, मीनाक्षी नगर सामुदायिक भवन में पेवर ब्लॉक व टाईल्स, टिन शेड, बघेरा के सामुदायिक भवन में शौचालय निर्माण, नाना नानी पार्क के सामने जागिंग जोन बनाया जायेगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
