द सीजी न्यूज
इस्पात मंत्री भारत शासन एवं भारतीय इस्पात प्राधिकरण के अध्यक्ष के भिलाई आगमन पर स्टील सिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स भिलाई का प्रतिनिधिमंडल सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में भिलाई टाउनशिप के सामाजिक, धार्मिक शैक्षणिक एवं व्यापारिक संस्थानों से जुड़ी ज्वलंत समस्या लीज नवीनीकरण के संदर्भ में ज्ञापन सौंपेगा।
भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने बताया कि सांसद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्राधिकरण के अध्यक्ष का स्वागत-अभिनंदन भी किया जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय नई दिल्ली व दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद व स्टील सिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स भिलाई को जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत गलत जानकारी देने वाले अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग को लेकर भी टाउनशिप के विभिन्न संस्थानों द्वारा ज्ञापन सौंपा जाएगा।
स्टील सिटी चैंबर ऑफ़ कॉमर्स ने स्पष्ट किया है कि केन्द्रीय इस्पात मंत्री के भिलाई आगमन पर स्टील सिटी चैंबर ऑफ़ कॉमर्स भिलाई को समय न मिलने पर चेंबर के पदाधिकारी शांतिपूर्वक शहर के बाजार को बंद रखकर अपना विरोध दर्ज करेंगे।
स्टील सिटी चेंबर के पदाधिकारियों ने डायरेक्टर इंचार्ज भिलाई इस्पात संयंत्र से एक बार पुनः अनुरोध किया है कि शहर की ज्वलंत समस्या का हल सम्मानजनक तरीके से निकालने में मदद करें। नगर सेवा विभाग के अधिकारी मनमानी करेंगे तो उनके खिलाफ भी शहर के व्यापारियों की नाराजगी बढ़ेगी और ऐसी स्थिति में कोई अप्रिय दुर्घटना इन अधिकारियों के साथ घटने पर भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रबंधन स्वयं जिम्मेदार होगा।
ज्ञानचंद जैन ने बताया कि न्यू सिविक सेंटर के लगभग 42 दुकानदारों को 7 दिनों का समय देते हुए 5 सितंबर का लिखा हुआ पत्र 12 तारीख को नगर सेवा विभाग के कर्मचारियों ने दुकानों पर चस्पा किया और कई दुकानों में देकर गए। यह समझ से परे हैं कि 5 सितंबर का पत्र 12 तारीख को वितरण करने की क्या आवश्यकता पड़ी।
बीएसपी का प्रबंध चाहता तो डाक के माध्यम से पत्र भेजा जा सकता था। दुकानदारों को उत्तेजित करने व मानसिक प्रताड़ना देने के उद्देश्य से यह जो कार्य नगर सेवा विभाग के मुख्य महाप्रबंधक के संरक्षण में सहायक महाप्रबंधक के द्वारा किया गया जो कि दुखद और निंदनीय है। सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक संस्थाओं सहित व्यापारी वर्ग ने एकमत से इस तरह की गतिविधियों में लिप्त अधिकारियों के नगर सेवा विभाग से स्थानांतरण की मांग भी की है। ऐसा न होने पर शहर के व्यापारियों के आक्रोश का सामना अधिकारियों को करना पड़ सकता है ।
स्टील सिटी चैंबर ऑफ़ कॉमर्स भिलाई ने भिलाई प्रबंधन से अनुरोध किया है कि इस्पात मंत्री के आगमन पर स्टील सिटी चैंबर को स्वागत अभिनंदन का अवसर प्रदान करें। जिला कलेक्टर और दुर्ग सांसद को पत्र भेजकर इस संदर्भ में निवेदन किया गया है कि 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मिलने का अवसर दिया जाए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
