द सीजी न्यूज
दुर्ग। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने आज जिले के दुर्ग विकासखण्ड के विभिन्न शालाओं का औचक निरीक्षण किया। शासकीय उ. मा. वि. कोडिय़ा में 3 शिक्षकों के देर से स्कूल पहुंचने पर भविष्य में शाला समय का पालन करने की चेतावनी दी गई। कक्षा 11 वीं के छात्र-छात्राएं परीक्षा के बाद विद्यालय से अनुपस्थित थे। प्रार्थना में अधिकांश छात्र-छात्राएं उपस्थित नहीं थे।

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोडिय़ा में कक्षा के अनुसार स्तरीय ज्ञान का अभाव पाया गया। छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ अध्यापन कराने के निर्देश दिये गए। शासकीय प्राथमिक शाला हनोदा के निरीक्षण दौरान सभी शिक्षक स्टाफ रूम में बैठे थे। छात्र-छात्राएं इधर-उधर घूम रहे थे। विद्यालय रोड से लगा होने के कारण छात्र-छात्राओं पर निगरानी रखने के निर्देश दिये गए। 31 दिसम्बर तक प्राथमिक वर्ग में कक्षा स्तरीय ज्ञान कराने के निर्देश दिये गए। विद्यालय में स्वच्छता का अभाव होने पर स्वच्छता रखने के निर्देश दिये गए।
प्राथमिक/माध्यमिक/सेजेस बोरसी के निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला के छात्र-छात्राएं शाला समय पर घर जा रहे थे। अध्यापक स्टा्र्रफ रूम में बैठे थे। संस्था प्रमुख का छात्र-छात्राओं व स्टाफ पर नियंत्रण न होने पर नाराजगी जताते हुए कार्यशैली में सुधार के साथ पदीय दायित्व का पालन करने कहा गया। विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिये गए। शासकीय प्राथमिक शाला लाल बहादुर शास्त्री/सरदार वल्लभ भाई पटेल शनिचरी बाजार दुर्ग के निरीक्षण दौरान कक्षानुरूप अध्यापन कार्य नहीं हो रहा था। संस्था प्रमुख व शिक्षकों को अध्यापन कार्य कराने के निर्देश दिये गए।
निरीक्षण के दौरान सभी प्राथमिक/ पूर्व माध्यमिक शाला के संस्था प्रमुखों को मध्यान्ह भोजन निर्धारित मीनू अनुसार प्रदाय करने, बारहाखड़ी, पहाड़ा पुस्तक वाचन के नियमित अभ्यास कराने, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थित सुनिश्चित करने और नियत समय पर अनिवार्य उपस्थिति के निर्देश दिये। हाई/ हायर सेकेण्डरी विद्यालय के प्राचार्य को नियमित प्रायोगिक कार्य करने, ब्लू प्रिंट के अनुरूप 5 वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल कराने, तिमाही परीक्षा के आधार पर चिन्हांकित विद्यार्थीयों को सीमित पाठ्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कराने और प्रायोगिक परीक्षा के बाद भी बोर्ड परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व तक विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति के निर्देश भी दिये गये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
