Breaking News

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की 56 नई परियोजनाओं में मिला जबर्दस्त रिस्पॉंस, धड़ाधड़ हो रही बुकिंग

  • लॉन्च के मात्र 15 दिनों में 23 परियोजनाओं को मिली पर्याप्त बुकिंग
  • 31 दिसंबर तक टेंडर जारी करने के निर्देश

द सीजी न्यूज

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा हाल ही में लॉन्च की गई 56 आवासीय परियोजनाओं को आमजन से अभूतपूर्व रिस्पॉंस मिला है। इन योजनाओं के अंतर्गत कुल 1477 आवासों के विरुद्ध लगभग 3500 ऑफर मिले हैं, जिनका कुल अनुमानित मूल्य करीब 305 करोड़ रुपये है। हाउसिंग बोर्ड की नई आवासीय योजनाओं पर नागरिकों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि राज्य के 26 जिलों में लगभग 2060 करोड़ रुपये की लागत वाली नई आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी व अन्य मंत्रिगण व जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

उन्होंने बताया कि मंडल की नीति के अनुसार किसी भी परियोजना में तीन माह की अवधि में न्यूनतम 10 प्रतिशत निरंतर बुकिंग अथवा एकमुश्त 60 प्रतिशत बुकिंग प्राप्त होने पर ही निविदा (टेंडर) प्रक्रिया प्रारंभ की जाती है। आमजन द्वारा दिखाए गए विश्वास का परिणाम यह है कि लॉन्चिंग के मात्र 15 दिनों के भीतर ही 15 जिलों की 23 परियोजनाओं में पर्याप्त बुकिंग प्राप्त हो चुकी है। इन परियोजनाओं में नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

इन 23 परियोजनाओं में रायपुर, नवा रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, खैरागढ़, कवर्धा, बेमेतरा, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, कांकेर, भानुप्रतापपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़, अंबिकापुर और सूरजपुर जिलों की प्रमुख योजनाएं शामिल हैं। इन सभी परियोजनाओं के अंतर्गत कुल 2526 आवासीय भवनों का निर्माण प्रस्तावित है, जिनका कुल अनुमानित टेंडर अमाउंट 406.81 करोड़ रुपये है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगामी दिनों में निविदा कार्यवाही पूर्ण कर ली जाएगी।

इस संबंध में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने आज आयोजित समय-सीमा समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं की लॉन्चिंग हो चुकी है, उनकी टेंडर प्रक्रिया 31 दिसंबर से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन तय समय-सीमा में, उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए तथा निर्माण पूर्ण होने के पश्चात हितग्राहियों को शीघ्र आधिपत्य प्रदान किया जाए।

इस अवसर पर अनुराग सिंह देव ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड अपने सामाजिक दायित्वों का भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन कर रहा है। इसी क्रम में हाल ही में दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है। आयुक्त अवनीश कुमार शरण की उपस्थिति में स्व. परमानंद साहू के पुत्र पंकज साहू और स्व. संतोष सागर की पुत्री पूजा सोनी को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई। पिछले एक वर्ष में हाउसिंग बोर्ड द्वारा दिवंगत 10 कर्मचारियों के आश्रित परिवारजनों को अनुकंपा नियुक्ति दी जा चुकी है।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को आम नागरिकों का जो अभूतपूर्व विश्वास प्राप्त हो रहा है, वह राज्य सरकार की नीतिगत स्पष्टता और पारदर्शी कार्यप्रणाली का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लॉन्चिंग के मात्र 15 दिनों में 23 परियोजनाओं में पर्याप्त बुकिंग मिलना एक बड़ी उपलब्धि है और आगामी निविदा प्रक्रिया के सफल क्रियान्वयन के लिए मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!