Breaking News

आईटी पार्क बोले तो … मुंगेरीलाल के हसीन सपने …

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आईटी पार्क का लोकार्पण किया। तस्वीर में सीएम के पीछे 40 आईटी कंपनियों का कोलाज पोस्टर।

THE CG NEWS

दुर्ग की जनता को आईटी पार्क स्थापना का सपना पिछले ढाई साल से दिखाया जा रहा था। बड़े-बड़े दावों की झड़ी लगाने के बाद 31 मई 2026 को दुर्ग में आईटी पार्क का लोकार्पण किया गया। दावा किया गया कि प्रदेश का पहला आईटी पार्क है। आईटी पार्क के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे वर्ल्ड क्लास आईटी पार्क बताया। ढाई साल पहले दुर्ग की जनता को विधायक गजेंद्र (अब शिक्षा मंत्री ) ने जिस वर्ल्ड क्लास आईटी पार्क का सपना दिखाया, वह सपना महज 6 महीने में ही मुंगेरीलाल का सपना साबित हुआ।

2023 में चुनाव जीतने के कुछ महीने बाद ही विधायक गजेंद्र यादव ने दुर्ग में आईटी पार्क की स्थापित करने का ऐलान किया था। उन्होंने दावा किया कि आईटी पार्क की स्थापना से न सिर्फ दुर्ग शहर, बल्कि पूरे प्रदेश के युवाओं का भविष्य संवारा जाएगा। आईटी पार्क से कौशल और नवाचार की नई राह खुलने और प्रदेश के तकनीकी भविष्य को नया आयाम मिलने का दावा किया गया। दुर्ग का ऐसे टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करने का दावा किया गया, जहां आईटी के क्षेत्र में स्टार्टअप, नवाचार और उद्योग मिलकर नए अवसर तैयार करेंगे।

आईटी पार्क : टाइमलाइन

जनवरी 2024  – विधायक गजेंद्र यादव ने दुर्ग में आईटी पार्क की स्थापना शीघ्र करने का ऐलान किया।  

9 फरवरी 2024 – विधायक गजेंद्र यादव ने जानकारी दी कि

बजट में आईटी पार्क की योजना को मंजूरी मिल गई है।

24 नवंबर 2025 – शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मौजूदगी में आईटी पार्क की स्थापना के लिये दुर्ग नगर निगम ने आईआईटी को भूमि स्थानांतरण किया।

6 फरवरी 2026 – छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में सीएम विष्णुदेव साय ने ऐलान किया कि 40 कंपनियों के साथ आईआईटी भिलाई के बीच एमओयू हुआ।   

31 मई 2026 – सीएम विष्णु देव साय ने आईटी पार्क का लोकार्पण करते हुए दावा किया कि यहां वर्ल्ड क्लास आईटी पार्क विकसित किया गया है।

गजेंद्र की घोषणा के बाद मालवीय चौक के पास कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बने महिला कामकाजी हॉस्टल का रंग-रोगन कर इसे आईटी पार्क का स्वरूप दिया गया। लगभग 3,900 वर्ग मीटर भूमि पर बने परिसर में कुल 2,907.26 वर्ग मीटर में भवन बना है। मुख्य भवन में 40 बड़े ऑफिस रूम, पाँच बड़े हॉल, मेस है। दावा किया गया कि भविष्य में इसका विस्तार करते हुए 100 आईटी कंपनियों का संचालन किया जाएगा।

पार्क में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, सूचना प्रौद्योगिकी, डेटा एनालिटिक्स, फिनटेक, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्टार्टअप इको सिस्टम को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया। युवाओं को दुर्ग शहर में आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर स्थानीय कंपनियों को कुशल तकनीकी कर्मचारी उपलब्ध कराने का सपना दिखाया गया।

लोकार्पण के 6 माह होने से पहले ही हालत ये है कि आईटी पार्क में सन्नाटा पसरा है। न युवाओं को आईटी के क्षेत्र में प्रशिक्षण मिला, न रोजगार। 40 कंपनियों से एमओयू का दावा किया गया था। जानकारी के अनुसार यहां सिर्फ तीन आईटी कंपनियों का संचालन हो रहा है। यहां बमुश्किल दर्जन भर कर्मचारी काम करते हैं। भवन के बाहर खड़े वाचमेन बताते हैं कि प्रवेश की इजाजत नहीं है।

वजह …

प्रवेश की इजाजत इसलिये नहीं है क्योंकि आईटी पार्क को लेकर किये गए दावों की पोल खुलने का डर है … मुंगेरीलाल के हसीन सपने टूटने का सच उजागर होने का डर है …

Check Also

राइस मिलर्स ने जमा नहीं किया चावल : कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

THE CG NEWS दुर्ग/ कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के राइस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!