- इंफार्मेशन टेक्नॉलॉजी की शिक्षा हासिल करने वाले युवाओं के सपने चकनाचूर
- आईटी पार्क में रोजगार, कौशल और नवाचार की नई राह खुलने का शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का दावा फुस्सी पटाखा निकला
- आईटी पार्क की वाहवाही बटोरने वाले जिम्मेदारों ने लोकार्पण के बाद सुध तक नहीं ली
THE CG NEWS
दुर्ग। पिछले ढाई साल से जिस आईटी पार्क की स्थापना से दुर्ग को आईटी और टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करने के दावे किये जा रहे थे, उस दावे की हवा निकल गई है।
- आईटी पार्क की घोषणा से लेकर इसकी स्थापना होने तक दावे किये गए कि यह पार्क जिले में तकनीकी युग की शुरुआत करेगा।
- दावा ये भी किया गया कि इंफार्मेशन टेक्नॉलॉजी के क्षेत्र में दुर्ग बड़ा टेक्निकल हब बनेगा।
- बढ़ चढ़ कर दावा करने की मिसाल पेश करते हुए कहा गया कि अब आईटी के क्षेत्र में स्टडी के बाद युवाओं को बैंगलुरू, चेन्नई या हैदराबाद जाने की जरूरत नहीं होगी। दुर्ग के आईटी पार्क में ही उन्हें रोजगार मिल जाएगा।
- हकीकत ये है कि सारे दावे फुस्सी पटाखे निकले।
सीएम विष्णुदेव साय ने आईटी पार्क को दुर्ग के लिये बड़ी सौगात बताते हुए दावा किया था कि आईटी पार्क में 40 कंपनियों से एमओयू किया गया है। भविष्य में यह संख्या बढ़कर 100 होने की उम्मीद जताई गई। लेकिन, अब सच्चाई ये है कि आईटी पार्क में कुल जमा 3 कंपनियां काम कर रही हैं।
खास बात ये है कि इन कंपनियों के नाम की जानकारी तक नहीं दी गई है। यानी, आई टी पार्क में जिन तीन कंपनियों के खुलने की जानकारी दी गई है, उनमें से सही मायनों में कितनी आईटी कंपनी है? इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है। हकीकत जानने का प्रयास करने वाले पत्रकारों को आईटी पार्क में प्रवेश की इजाजत भी नहीं दी जा रही है।
कुल मिलाकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का यह दावा फुस्स हो गया, जिसमें कहा गया था कि आईटी पार्क में हजारों युवाओं के लिये रोजगार, कौशल और नवाचार की नई राह खुलेगी और यहां के युवाओं को बैंगलुरू, चेन्नई, हैदराबाद जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आईटी पार्क की स्थापना के 6 महीने का समय बीतने से पहले ही दुर्ग को बड़ा टेक्निकल हब बनाने का बड़बोलापन धराशायी हो गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
