
THE CG NEWS
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि सोने की कीमत मोदी के कहने से कम नहीं हुई, बल्कि अंतरराष्ट्रीय कारणों से कम हुई है। सोने की कीमत 1.50 लाख या 1.80 लाख रुपये होने के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के लोग सोना नहीं खरीद पाए।
भूपेश ने सवाल किया कि अब कीमत 1 लाख 30 हजार रुपये है तो क्या सोने की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है? क्या लोग बड़ी संख्या में सोना खरीद रहे हैं? ठीक यही हाल मोदी के 7.8% GDP ग्रोथ के दावे का है। खुद भाजपा के नेताओं को भी इस पर भरोसा नहीं है। भाजपा नेताओं ने इस पर कोई जश्न नहीं मनाया। न घरों में दीये जले, न जुलूस निकले और न ही कोई उत्सव हुआ।
50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने का आंकड़े पर भी सवाल
भूूपेश ने कहा कि 50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने का आंकड़ा जमीनी हकीकत से कितना मेल खाता है? अगर वास्तव में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं, तो मजदूरों की आय कितनी बढ़ी? गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति कितनी सुधरी? आज भी 80-85 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज क्यों देना पड़ रहा है? क्या महंगाई कम हुई और रोजगार के अवसर बढ़े?
पीएम मोदी खुद कह रहे कि उद्योगपतियों को पैसा दिया लेकिन उद्योगपतियों का पेट नहीं भरता। न तो उद्योगों में नौकरी बढ़ाई गई, न सेलरी बढ़ाई गई। भूपेश ने कहा कि मीडिया से लेकर आईटी सेक्टर तक छंटनी हो रही है। रेलवे में नियमित भर्तियां नहीं हो रहीं और सेना में अग्निवीर योजना लागू कर दी गई है। न वेतन में अपेक्षित बढ़ोतरी हुई, न रोजगार बढ़ा और न ही आम आदमी की आय में कोई खास सुधार दिखाई दे रहा है। भूपेश ने कहा कि ऐसे हालात में लोगों का जीवन स्तर कैसे सुधर गया? यह जमीनी हकीकत नहीं, बल्कि आंकड़ों का घालमेल है।