THE CG NEWS
दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ललित चंद्राकर ने राजनीति में ऊंची छलांग लगाई है। ललित चंद्राकर को भाजपा ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। भाजपा में 1994 से सक्रिय ललित चंद्राकर ने संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा और अथाह मेहनत के दम पर जिले स्तर की राजनीति से उठकर राष्ट्रीय राजनीति में ऊंचा मुकाम हासिल किया है।
राज्य निर्माण के बाद ललित चंद्राकर को जिला भाजयुमो का महामंत्री नियुक्त किया गया था। इसके बाद ललित चंद्राकर लगातार संगठन में सक्रिय रहे। जोगी सरकाार के कार्यकाल में ललित चंद्राकर ने अविभाजित दुर्ग जिले में भाजयुमो संगठन को मजबूत बनाने दमखम के साथ काम किया। खेरथा (अब दुर्ग ग्रामीण ) क्षेत्र के गांव-गांव में संगठन का नेटवर्क बनाने में पूरी ताकत झोंक दी।
इसके बाद ललित को जिला भाजपा संगठन में महामंत्री का ओहदा दिया गया। 2023 में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा से विधायक की टिकट मिलने के बाद उन्होंने शानदार जीत हासिल की। उन्हें साय सरकार ने केबिनेट मंत्री का दर्जा देते हुए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग/प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
अब उन्हें भाजपा के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री पद पर नियुक्त किया गया है। ललित चंद्राकर की नियुक्ति को लेकर दुर्ग सहित पूरे प्रदेश में भाजपा नेताओं ने हर्ष जताया है। आज सिविल लाइन स्थित ललित चंद्राकर के निवास कार्यालय में बड़ी तादाद में समर्थकों ने बाजे गाजे और पटाखों के साथ ललित चंद्राकर का स्वागत किया। मिठाईयां बांटी गई। समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।
आज सुबह निवास कार्यालय में ललित चंद्राकर का स्वागत अभिनंदन करने वालों में जिला भाजपा उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, निगम सभापति श्याम शर्मा, पूर्व निगम सभापति देव नारायण तांडी, सतीश समर्थ, मनीष भंडारी सहित बड़ी संख्या में दुर्ग, रिसाली और दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

